img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : भारतीय जनता पार्टी ने 2027 के मिशन की तैयारी अभी से शुरू कर दी है। पार्टी नेतृत्व ने संगठन को जमीनी स्तर पर मज़बूत करने के साथ-साथ मतदाता सूची के पुनरीक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में दो दिन पहले प्रयागराज आए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि 2027 की चुनावी रणनीति पर काम अभी से शुरू कर दें।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अगर पार्टी को फिर से सफलता की ऊँचाई पर पहुंचाना है तो प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ जुटना होगा। बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती अनिवार्य है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विपक्ष जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन बीजेपी जनता के विश्वास के साथ आगे बढ़ रही है।

इस दिशा में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में प्रीतम नगर मंडल के बूथ अध्यक्षों की एक अहम बैठक हुई। बैठक में सभी बूथ अध्यक्षों से कहा गया कि वे मतदाता सूची पुनरीक्षण के कार्य में तेजी लाएं। विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के नाम सूची में जोड़े जाएं और फर्जी नामों की पहचान कर उन्हें हटवाया जाए।

इसके साथ ही कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि वे घर-घर जाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। मतदाता सूची में यदि एक ही व्यक्ति के नाम कई बार हों या कोई और अनियमितता दिखे तो उसकी तुरंत शिकायत करें। यह न केवल चुनावी दृष्टि से बल्कि देश को विकसित भारत बनाने की दिशा में भी एक अहम कदम है।

पार्टी अब पुराने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को भी सक्रिय करने की दिशा में काम कर रही है। इस बैठक में प्रमोद मोदी, राकेश जैन, दिग्विजय सिंह, राम लोचन साहू, शिवम मिश्र, अमित मिश्र, अमरजीत सिंह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।