Prabhat Vaibhav,Digital Desk : चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस का संचालन अब लगभग सामान्य हो चुका है, लेकिन बीते दिनों रद्द हुई उड़ानों से प्रभावित यात्रियों की मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुई हैं। पहले यात्रियों को फ्लाइट रद्द होने के कारण गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हुई और अब रद्द टिकटों का रिफंड न मिलने से वे परेशान हैं।
कई यात्रियों का कहना है कि फ्लाइट रद्द होने के बाद उन्हें मजबूरी में दूसरी एयरलाइंस से महंगे दामों पर टिकट खरीदनी पड़ी, जबकि इंडिगो द्वारा रद्द की गई टिकटों की राशि अब तक वापस नहीं की गई है।
त्रिवेंद्रम से चंडीगढ़ का सफर बना सिरदर्द
चंडीगढ़ के रहने वाले हर्मोहिंदर सिंह और राजदीप सिद्धू ने 5 दिसंबर को त्रिवेंद्रम से मुंबई होते हुए चंडीगढ़ आने के लिए इंडिगो की टिकट बुक कराई थी। दो यात्रियों के टिकट पर करीब 24 हजार रुपये खर्च हुए।
त्रिवेंद्रम से उनकी फ्लाइट 8 से 9 घंटे की देरी से रवाना हुई, जबकि मुंबई से चंडीगढ़ की फ्लाइट उसी दिन रद्द कर दी गई। मजबूरी में दोनों यात्रियों को अगले दिन दूसरी एयरलाइंस से टिकट लेनी पड़ी, जिस पर करीब 33 हजार रुपये खर्च हो गए। इसके बावजूद रद्द टिकट का रिफंड अब तक नहीं मिला है।
दिल्ली-चंडीगढ़ फ्लाइट रद्द, टैक्सी से करना पड़ा सफर
मोनिका की 3 दिसंबर को दिल्ली से चंडीगढ़ की फ्लाइट थी, जिसे अंतिम समय में रद्द कर दिया गया। देर रात उन्हें टैक्सी से चंडीगढ़ लौटना पड़ा। कई दिन बीत जाने के बावजूद न तो रिफंड मिला और न ही एयरलाइन की ओर से कोई स्पष्ट जवाब दिया गया।
परीक्षा देने जा रही छात्रा भी परेशान
चंडीगढ़ से अहमदाबाद जा रही छात्रा अन्वी अग्रवाल की फ्लाइट भी रद्द कर दी गई थी। उन्हें परीक्षा देने जाना था, लेकिन उड़ान रद्द होने से उनकी पूरी योजना प्रभावित हो गई। कई बार संपर्क करने के बाद भी न तो टिकट का पैसा वापस मिला और न ही इंडिगो की ओर से संतोषजनक जवाब दिया गया।
10 दिनों में 111 उड़ानें रद्द
इंडिगो की परिचालन समस्याएं 3 दिसंबर से शुरू हुई थीं।
3 दिसंबर: 5 उड़ानें रद्द
4 दिसंबर: 8 उड़ानें
5 दिसंबर: 32 उड़ानें
6 दिसंबर: 25 उड़ानें
7 दिसंबर: 9 उड़ानें
8 दिसंबर: 12 उड़ानें
9 दिसंबर: 7 उड़ानें
10 दिसंबर: 6 उड़ानें
11 दिसंबर: 4 उड़ानें
12 दिसंबर: 3 उड़ानें
करीब 10 दिनों में कुल 111 उड़ानें रद्द हुईं, जिससे सैकड़ों यात्री प्रभावित हुए।
रिफंड नहीं मिला तो ऐसे करें शिकायत
यदि इंडिगो की फ्लाइट रद्द हो गई है और रिफंड नहीं मिला है, तो यात्री इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट पर कस्टमर सपोर्ट सेक्शन में शिकायत दर्ज कर सकते हैं। यहां पीएनआर नंबर, मोबाइल नंबर और अन्य जरूरी जानकारी अपलोड की जा सकती है।
इसके अलावा नागरिक उड्डयन मंत्रालय की एयरसेवा ऐप और पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। शिकायत दर्ज करने पर एक ट्रैकिंग नंबर मिलता है, जिससे स्थिति की जानकारी ली जा सकती है। मंत्रालय ने एयरलाइंस को निर्देश दिए हैं कि शिकायत मिलते ही रिफंड प्रक्रिया शुरू की जाए।




