Prabhat Vaibhav, Digital Desk : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। प्रयागराज के सर्किट हाउस में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत के दौरान उन्होंने सपा की राजनीति को 'फर्जी PDA' और तुष्टीकरण का मेल बताया। मौर्य ने साफ कहा कि अखिलेश यादव जिस मुस्लिम महिला आरक्षण की वकालत कर रहे हैं, वह पूरी तरह से संविधान विरोधी है और जनता को गुमराह करने की एक कोशिश मात्र है।
नारी शक्ति अधिनियम पर विपक्ष को दो टूक
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति अधिनियम 2023 संसद के नए भवन में पारित एक ऐतिहासिक कदम है, जिसे 2029 तक धरातल पर उतारने का लक्ष्य है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हवाला देते हुए कहा कि विपक्ष को अगर इस कानून का क्रेडिट लेना है तो ले ले, लेकिन महिलाओं के हक का विरोध न करे। मौर्य ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव महिलाओं के सशक्तिकरण में भी मजहब का एंगल ढूंढ रहे हैं, जो उनकी विभाजनकारी राजनीति को दर्शाता है।
'वोट बैंक के लिए मुसलमानों का इस्तेमाल कर रही सपा'
सपा के आरक्षण मॉडल पर प्रहार करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "समाजवादी पार्टी मुसलमानों को सिर्फ वोट बैंक बनाकर रखना चाहती है। यदि उन्हें मुस्लिम महिलाओं की इतनी ही फिक्र है, तो वे अपनी पार्टी की सभी सीटों पर उन्हें चुनाव लड़ा सकते हैं, इसके लिए संविधान बदलने की जरूरत नहीं है।" उन्होंने आगे कहा कि सपा की मांगें संवैधानिक मर्यादाओं के खिलाफ हैं और भाजपा बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के संविधान के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होने देगी।
नोएडा हिंसा और बंगाल चुनाव पर बड़ी बात
नोएडा में हुई हालिया हिंसा के सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि अब तक की जांच में 'पाकिस्तान' और 'अर्बन नक्सल' कनेक्शन के संकेत मिले हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार श्रमिकों और सेवा प्रदाताओं के हितों का ध्यान रखेगी, लेकिन कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, पश्चिम बंगाल चुनाव पर दावा करते हुए उन्होंने कहा कि वहां इस बार कमल खिलने जा रहा है और भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी।
-1776942988194_v_362894058_100x75.jpg)

-1776916698847_v_443511302_100x75.jpg)

