Prabhat Vaibhav,Digital Desk : अमृतसर में अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए महज 17 दिनों में 269 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह विशेष ऑपरेशन 20 जनवरी से शुरू किया गया था, जिसका मुख्य उद्देश्य शहर में सक्रिय गैंगस्टरों, उनके सहयोगियों, रिश्तेदारों और संगठित अपराध से जुड़े लोगों की कमर तोड़ना था।
पुलिस कमिश्नरेट की ओर से चलाए गए इस अभियान के दौरान शहर और आसपास के इलाकों में कुल 631 छापे मारे गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 21 अवैध हथियार, जिनमें पिस्तौल और बंदूकें शामिल हैं, बरामद की हैं। इसके साथ ही ड्रग्स तस्करी, अवैध शराब, गाड़ी चोरी और गैर-कानूनी हथियारों के कारोबार में लिप्त लोगों को भी काबू किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों में गैंगस्टरों के 9 करीबी सहयोगी और 4 रिश्तेदार भी शामिल हैं। इसके अलावा अलग-अलग आपराधिक मामलों में संलिप्त 256 अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया है।
अभियान के तहत 479 लोगों के खिलाफ रोकथाम की कार्रवाई भी की गई, जिनमें गैंगस्टरों के 16 साथी, 8 रिश्तेदार और 455 अन्य संदिग्ध अपराधी शामिल हैं। पुलिस ने 19 फरार घोषित अपराधियों (PO) को भी पकड़ने में सफलता हासिल की है।
इतना ही नहीं, गैंगस्टरों की मदद करने वाले नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस ने 15 ट्रैवल एजेंटों और गन हाउस की भी गहन जांच की है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और शहर में अपराध को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा।




