img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में युवाओं के लिए एक और सुनहरा मौका सामने आने वाला है। राज्य सरकार जल्द ही दारोगा और सिपाही पदों पर नई भर्तियां शुरू करने की तैयारी में है। भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड इस समय उपनिरीक्षक लिपिक संवर्ग की परीक्षा आयोजित कराने की योजना पर काम कर रहा है। यह परीक्षा सितंबर के दूसरे सप्ताह में कराए जाने की संभावना है।

साथ ही, उपनिरीक्षक के 4,534 पदों और सिपाही के 22,000 से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारियां भी जोरों पर हैं। नागरिक पुलिस के 60,244 पदों पर हुई नियुक्तियों के तहत प्रशिक्षण प्रक्रिया चालू हो चुकी है। अगली भर्ती प्रक्रिया इस तरह शुरू की जाएगी जिससे चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े।

वहीं, उपनिरीक्षक गोपनीय, सहायक उपनिरीक्षक लिपिक और लेखा वर्ग के 931 पदों के लिए भी परीक्षा की तैयारी चल रही है। परीक्षा की तिथि एजेंसी चयन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद घोषित की जाएगी।

इन भर्तियों में उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस के 4,242 पद, महिला उपनिरीक्षक (PAC) के 106 पद, प्लाटून कमांडर/सशस्त्र पुलिस उपनिरीक्षक के 135 पद और विशेष सुरक्षा बल के 60 पद शामिल हैं।

पिछले 8 वर्षों में प्रदेश पुलिस विभाग में कुल 2,18,262 पदों पर नियुक्तियां की जा चुकी हैं, जिनमें 35,247 महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। आरक्षी के 60,244 पदों पर की गई हालिया भर्ती को अब तक की सबसे बड़ी भर्ती माना जा रहा है।

इसके अलावा, लिपिक संवर्ग, बंदी रक्षक, कंप्यूटर ऑपरेटर, फायरमैन, और घुड़सवार पुलिस के लिए भी भर्तियां हो चुकी हैं।