
Prabhat Vaibhav,Digital Desk : प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय सेना के जवानों के साहस और कुशल नेतृत्व की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान को उसी की भाषा में करारा जवाब दिया गया है। आज हालत यह है कि पाकिस्तान पूरी दुनिया में रहम की भीख मांग रहा है।
724 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले की पुलिस लाइन समेत 724 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने इस अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की पुलिस देशभर में एक मॉडल के रूप में उभरी है। आधुनिक तकनीक के सहारे पुलिस ने अपराधियों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया है।
उत्तर प्रदेश विकास का नया मॉडल
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश तेजी से शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सुरक्षा और कानून व्यवस्था जैसे क्षेत्रों में विकास की ओर बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश आज देश के लिए विकास का नया मॉडल बन गया है। उन्होंने तीर्थ नगरी सोरों को अयोध्या, मथुरा, वृंदावन की तर्ज पर विकसित करने का भी ऐलान किया।
सोरों की संभल से तुलना
मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक नगरी सोरों की संभल से तुलना की। उन्होंने कहा कि सोरों में भगवान विष्णु ने तीसरा अवतार लिया था, जबकि संभल में भगवान विष्णु कल्कि के रूप में दसवां अवतार लेंगे। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का आभार जताया। उन्होंने दरियावगंज झील, नदरई पुल, सहावर बाईपास जैसी परियोजनाओं के विकास का भरोसा दिया।
मंत्रियों ने योगी की प्रशंसा की
गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने योगी आदित्यनाथ को विकास का महामानव बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने सत्ता में आते ही विकास के क्षेत्र में छह छक्के लगाए हैं। वहीं शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, डीजीपी प्रशांत कुमार, मंडल आयुक्त संगीता सिंह, डीएम मेधा रूपम, एसपी अंकित शर्मा समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और जिले के अनेक जनप्रतिनिधि व भारी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।