अखिलेश का योगी सरकार पर कसा तंज बोले- ये डबल इंजन नहीं, डबल दुर्गति वाली है सरकार
अखिलेश ने शुक्रवार को कहा कि BJP राज में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों के कारण प्रदेश की छवि बहुत धूमिल हुई है।
लखनऊ।। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कानून व्यवस्था के मोर्चे पर योगी सरकार पर एक बार फिर असफल होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि BJP सरकार में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के कारण उत्तर प्रदेश की छवि धूमिल हुई है। उन्होंने गोरखपुर को ‘गुनाहपुर’ नाम से भी सम्बोधित किया है।
अखिलेश ने शुक्रवार को कहा कि BJP राज में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों के कारण प्रदेश की छवि बहुत धूमिल हुई है। चाहे गुनाहपुर (गोरखपुर) मंडल हो या अन्य मंडल सबमें अपराधों के आंकड़ों में एक-दूसरे को पछाड़ने की होड़ लगी है। ये डबल इंजन नहीं, डबल दुर्गति वाली सरकार है।
सपा अध्यक्ष प्रदेश में आपराधिक घटनाओं का हवाला देकर लगातार सरकार को घेरने में जुटे हुए हैं। उन्होंने केन्द्र और प्रदेश में BJP सरकार होने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में चारों ओर हाहाकार मचा हुआ है। बेखौफ अपराधी खूनी तांडव कर रहे हैं। कोरोना महामारी के संक्रमण में कई हजार जानें जा चुकी हैं। शिक्षा-स्वास्थ्य की व्यवस्थाएं बर्बादी के कगार पर हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे में BJP की डबल इंजन की सरकारों को जनता की तकलीफों और रसातल में जा रही अर्थव्यवस्था की कोई चिन्ता नहीं है। उन्होंने कहा कि उनका काम और ध्येय सिर्फ चुनाव जीतना और सत्ता में येनकेन प्रकारेण कब्जा बनाए रखना है।