किशोरी से किया बलात्कार का प्रयास, पुलिस चौकी के चक्कर काट रहे घरवाले
लखनऊ की घटना ने प्रशासन को कठघरे में खड़ा कर दिया है।
लखनऊ की कमिश्नरेट पुलिस के विभूतिखण्ड थाना क्षेत्र में बहराइच के मूल निवासी राजू (प्रतीकात्मक नाम) नामक युवक ने विभवखण्ड के किराये के मकान में खाना बनाने वाली महिला की 13 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। घटना के सात दिनों के बाद भी पीड़ित किशोरी के परिजन पुलिस चैकी के चक्कर काट रहे हैं।
विभूतिखण्ड थाना की पुलिस चैकी पर तैनात आर.एन.त्रिपाठी ने वर्दी का रौब झाड़ते हुए पीड़ित किशोरी के परिजन को पहले बुलाया और लिखित शिकायत के लिए प्रार्थना पत्र लिखने को कहा। इसके बाद दूसरी बार बुलाया तो राजू (प्रतीकात्मक नाम) से समझौता कराने का प्रयास किया। एक दिन बाद फिर बुलाया और इस बार किशोरी के पिता पर समझौता कर लेने का दबाव बनाया। बीते बुधवार को पुलिस चैकी पहुंचे परिजनों को उन्होंने भगा दिया।
पीड़िता की मां ने बताया कि वो लोगों के यहां खाना बनाने का कार्य करती है। उसके पति हनीमैन मंडी में मजदूरी करते हैं। वह बीते दिनों राजू (प्रतीकात्मक नाम) के यहां भी खाना बनाने का काम पायी थी। वह हमेशा अकेले ही जाती थी, जब एक दिन पुत्री के साथ गई तो उसके ऊपर राजू (प्रतीकात्मक नाम) की नियत खराब हो गयी। वह रसोई में पहुंची ही थी कि उसकी पुत्री पीछे दिखायी नहीं दी तो उसने खोजना शुरु किया।
उन्होंने बताया कि पुत्री को खोजने पर नीचे के तल पर बाथरुम में उसकी आवाज सुनायी पड़ी। उसने धक्का मारकर बाथरुम का गेट खुलवाया तो राजू (प्रतीकात्मक नाम) उसके पुत्री के साथ दुष्कर्म का प्रयास कर रहा था। वह अपनी पुत्री को लेकर वहां से निकल भागी। घटना की बात उसने अपने पति से बतायी तो वे पुलिस चैकी गये। जहां एफआईआर दर्ज कराने को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। जिस पर अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है।
बता दें कि उक्त घटना के बाद विभवखण्ड क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है और विभूतिखण्ड थाने की पुलिस के कार्यशैली पर आम लोग सवालिया निशान लगा रहे हैं।