बिहार: तेज हवा और बारिश के कारण सैकड़ों एकड़ में लगी धान की फसल बर्बाद, किसान का हाल बेहाल
बारिश के साथ तेज हवा के कारण जिले में सैकड़ों एकड़ धान की फसल बर्बाद हो गई है। सोमवार की सुबह बखरी क्षेत्र समेत विभिन्न इलाकों में तेज हवा के साथ हुई बारिश के कारण बड़े पैमाने पर धान की फसल की क्षति हुई है।
बेगूसराय।। यह साल हर किसी के लिए परेशानी का सबब बनकर रह गया है। सबसे अधिक परेशान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ किसान हैं। प्रकृति लगातार किसानों की परीक्षा ले रही है। कोरोना काल में मजदूरों की कमी, सुखाड़ और बाढ़ से फसलों की क्षति से किसान उबरे भी नहीं थे कि अब हो रही बारिश किसानों को खून के आंसू रुलाने पर मजबूर कर रही है।
बारिश के साथ तेज हवा के कारण जिले में सैकड़ों एकड़ धान की फसल बर्बाद हो गई है। सोमवार की सुबह बखरी क्षेत्र समेत विभिन्न इलाकों में तेज हवा के साथ हुई बारिश के कारण बड़े पैमाने पर धान की फसल की क्षति हुई है। मौजी हरि सिंंह पंचायत स्थित मौजी थान सिंह बहियार में भी हवा और तेज बारिश के कारण बड़े पैमाने पर धान की फसल का नुकसान हुआ है।
किसान भुनेश्वर शर्मा, दुनी लाल यादव, अशोक यादव, रामसेवक यादव समेत अन्य ने बताया कि पहले गेहूं और मक्का की हुई क्षति के बाद, किसी तरह कर्जा-पैंचा पैसा लेकर धान का फसल लगायी थी। मन में आशा और उम्मीद थी कि फसल अच्छी होगी तो महाजन को लौटाने के बाद अन्य जरूरी काम करेंगे। पैसा बचा कर अगली फसल लगाएंगे। लेकिन प्रकृति ने अरमानों पर पानी फेर दिया है। धान की लहलहाती फसल गिर जाने से किसान परिवारों में मायूसी छा गई है।