दिल्ली पहुंचे TMC के पूर्व सांसद दिनेश त्रिवेदी, थामेंगे BJP का दामन
कुछ दिनों पहले ही राज्यसभा के सत्र के दौरान उन्होंने TMC छोड़ने की घोषणा की थी और कहा था कि हिंसा की संस्कृति से वह परेशान हो गए हैं।
कोलकाता।। पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पूर्व राज्यसभा सांसद दिनेश त्रिवेदी दिल्ली पहुंच गए हैं। वहां BJP मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता लेने वाले हैं। प्रदेश BJP सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है कि त्रिवेदी ने पार्टी की सदस्यता लेने की सूचना दी है और प्रदेश नेतृत्व के साथ वह दिल्ली गए हैं।
कुछ दिनों पहले ही राज्यसभा के सत्र के दौरान उन्होंने TMC छोड़ने की घोषणा की थी और कहा था कि हिंसा की संस्कृति से वह परेशान हो गए हैं। उन्होंने ममता बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि उन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करने का दबाव बनाया जा रहा था।
त्रिवेदी ने कहा था कि TMC में उनका दम घुट रहा था। हालांकि उसके बाद से उन्होंने अपना राजनीतिक रुख स्पष्ट नहीं किया था और अटकलें ही लगाई जा रही थीं कि वह BJP में शामिल हो सकते हैं। अब आखिरकार वह दिल्ली पहुंच गए हैं।