UP में दिल दहला देने वाली घटना : लड़की पैदा हुई ताे पति-ससुरालवालों ने किया ये शर्मनाक काम
सहारनपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है। बेटी पैदा होने पर ससुराल वाले जच्चा-बच्चा को जिला अस्पताल में ही छोड़कर फरार हो गए।
सहारनपुर। सहारनपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है। बेटी पैदा होने पर ससुराल वाले जच्चा-बच्चा को जिला अस्पताल में ही छोड़कर फरार हो गए। नौ दिन से महिला अपनी नवजात बेटी के साथ अस्पताल में पति का इंतजार कर रही है, लेकिन पति ने आने से साफ इंकार कर दिया है।
आयशा गर्भवती हुई तो पति ने बेटे की चाह रखी
सहारनपुर की कोतवाली मंडी क्षेत्र के मोहल्ला खाताखेड़ी की रहने वाली नसीम अहमद की बेटी आयशा का निकाह करीब दो साल पहले देवबंद क्षेत्र के गांव भनेड़ा के रहने वाले एक युवक के साथ हुआ था। शादी के बाद आयशा गर्भवती हुई तो पति ने बेटे की चाह रखी। पत्नी ने पति से कहा कि बेटा-बेटी एक समान हैं लेकिन पति नहीं माना। आखिर वही हुआ जिसका डर था। 22 जनवरी को आयशा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसने बेटी को जन्म दिया। इस बात का पता चलते ही अस्पताल से महिला का पति, सास और ससुर गायब हो गए।
पति का पिछले 9 दिन से इंतजार कर रही है
करीब पांच दिन तक भी जब कोई नहीं आया तो आयशा ने पति को फोन किया। पति ने फोन पर ही कह दिया उसे बेटी नहीं चाहिए। पति ने यह भी कहा कि अब वह कहीं ओर शादी कर सकती है और बेटी को भी अपने साथ ले जा सकती है। आयशा को अभी भी उम्मीद है कि ससुराल के लोगों का दिल पिंघल जाएगा और इसी आस में वह अस्पताल में अपने पति का पिछले 9 दिन से इंतजार कर रही है। आयशा के पिता नसीम अहमद के अनुसार, आयशा के पति ने अपनी बेटी का मुंह तक भी नहीं देखा। वह अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।