8वें वेतन आयोग की जयपुर में होगी अहम बैठक, जानें कौन कर सकता है आवेदन और क्या है अंतिम तारीख?
केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए वेतन संरचना, भत्तों और सेवा शर्तों पर विचार-विमर्श करने के लिए गठित 8वें केंद्रीय वेतन आयोग (8th Pay Commission) ने अपनी बैठकों के सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए अब राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक अहम बैठक की घोषणा की है। आयोग की यह उच्चस्तरीय बैठक 31 अगस्त और 1 सितंबर, 2026 को गुलाबी शहर जयपुर में आयोजित की जाएगी। इस कंसल्टेशन मीटिंग का मुख्य उद्देश्य विभिन्न कर्मचारी संगठनों और यूनियनों के सुझावों और मांगों को प्रत्यक्ष रूप से सुनना है, ताकि वेतन संशोधन से जुड़ी सिफारिशों को अंतिम रूप दिया जा सके।
कौन कर सकता है जयपुर की बैठक के लिए आवेदन?
8वें वेतन आयोग द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, जयपुर में होने वाली यह बैठक सभी के लिए खुली नहीं है। इसमें केवल उन्हीं संगठनों को शामिल होने की अनुमति मिलेगी जो पात्रता मानदंडों को पूरा करते हैं:
-
क्षेत्रीय सीमा: यह बैठक विशेष रूप से राजस्थान राज्य में स्थित या पंजीकृत केंद्र सरकार और केंद्र शासित प्रदेश (UT) के कर्मचारियों के संघों (Associations), महासंघों (Federations) और यूनियनों के लिए है। अन्य राज्यों के संगठनों को इसमें आवेदन न करने की हिदायत दी गई है।
-
पूर्व शर्त: केवल वही संगठन अपॉइंटमेंट के लिए आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने पहले ही आयोग के पास अपना मेमोरेंडम (ज्ञापन) जमा कर दिया है, लेकिन अभी तक आयोग के साथ उनकी कोई प्रत्यक्ष बातचीत या बैठक नहीं हुई है।
आवेदन करने की अंतिम तारीख और प्रक्रिया
यदि आपका संगठन उपर्युक्त सभी शर्तों को पूरा करता है, तो आप इस बैठक में शामिल होने के लिए आधिकारिक पोर्टल के जरिए अनुरोध भेज सकते हैं:
-
अमृत तारीख (Last Date): बैठक में हिस्सा लेने के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 18 अगस्त, 2026 निर्धारित की गई है।
-
यूनिक Memo ID: ऑनलाइन आवेदन करते समय संगठनों को मेमोरेंडम जमा करने के बाद जनरेट हुई यूनिक 'Memo ID' देना अनिवार्य किया गया है।
-
वेन्यू की जानकारी: आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद, आयोग चयनित स्टेकहोल्डर्स को ईमेल के माध्यम से मीटिंग के सटीक स्थान (Venue) और समय की जानकारी भेजेगा।
क्यों अहम है 8वें वेतन आयोग की यह कंसल्टेशन प्रक्रिया?
चूंकि 8वां वेतन आयोग अपनी रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया में जुटा है, इसलिए देश भर के विभिन्न राज्यों में इस तरह की स्टेकहोल्डर बैठकें आयोजित की जा रही हैं। जयपुर की इस बैठक में कर्मचारी प्रतिनिधि अपनी क्षेत्रीय समस्याओं, वेतन विसंगतियों और भत्तों से जुड़े मुद्दों को आयोग के समक्ष मजबूती से रख सकेंगे। आयोग द्वारा मिलने वाले इन सुझावों और फीडबैक का इस्तेमाल अंततः केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए नई वेतन सिफारिशों का खाका तैयार करने में किया जाएगा।