Indiarailinfo : लंबी दूरी की ट्रेनों पर कोहरे का सितम, कई एक्सप्रेस ट्रेनें फिर से निरस्त, राजधानी, पोरबंदर, आला हजरत, अवध-असम घंटों रही लेट

img

मुरादाबाद। मुरादाबाद रेल मंडल में शीतलहर और कोहरे का असर ट्रेनों पर पूरी तरह से जारी हैं। फाग सेव डिवाइस और जीपीएस आधारित रेल सेवा दिखावा साबित हो रही है। अधिकतर ट्रेनों को कोहरा के मद्देनजर प्रतिदिन निरस्त किया जा रह है, उसके बाद भी लंबी दूरी की ट्रेनें समय से नहीं चल रही हैं। इस दौरान यात्रियों को ठंड की मार झेलनी पड़ रही है।

मंगलवार को उत्तरांचल संपर्कक्रांति एक्सप्रेस फिर से निरस्त कर दी गयी। यह ट्रेन काठगोदाम और रामनगर से आने वाली गाड़ी को जोड़कर यहां से चलाई जाती है।

उदयपुर से चलने वाली साप्ताहिक उदयपुर मेल ने यात्रियों को छका दिया। यह ट्रेन 12 घंटे 24 मिनट देर से चल रही है। डिब्रूगढ़ से दिल्ली आने वाली राजधानी एक्सप्रेस भी सवा घंटे देर से मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचीं है। देहरादून से सुबेदारगंज के बीच चलने वाली साप्ताहिक एक्सप्रेस भी 5 घंटे 9 मिनट देर से आई। पोरबंदर एक्सप्रेस के यात्रियों को 3 घंटे 38 मिनट प्रतीक्षा करनी पड़ी। अवध-असम एक्सप्रेस भी 2 घंटे 18 मिनट देर से चल रही है। भारी संख्या में जननायक और आलाहजरत एक्सप्रेस के यात्री प्रतीक्षा कर रहे हैं।

मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग सुधीर सिंह ने कहा कि रेलवे में सुरक्षा और संरक्षा दोनों महत्वपूर्ण विषय है। फाग सीजन में ट्रेनों की गति सीमित कर दी जाती है। इस वजह से रात के समय ट्रेनों की गति प्रभावित हो रही है। यात्रियों को इसकी समय-समय पर जानकारी दी जा रही है। दिन में ट्रेनें समय का लक्ष्य हासिल करने का प्रयास कर रही हैं।

Related News