बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े छात्रा को मारी गोली, हालत गंभीर
श्वेता रोज की तरह कोचिंग पढ़ कर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान बिढ़नियां बाजार के समीप बाइक पर सवार बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरू कर दी।
बेगूसराय।। बेखौफ अपराधियों ने सोमवार को दिनदहाड़े एक छात्रा को गोली मार दी। तेघड़ा थाना क्षेत्र के में हुई इस गोलीबारी के बाद अफरा-तफरी मच गई तथा बाइक सवार बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल छात्रा को इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घायल छात्रा बरियारपुर निवासी राजेश राय की पुत्री श्वेता कुमारी है।
श्वेता रोज की तरह कोचिंग पढ़ कर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान बिढ़नियां बाजार के समीप बाइक पर सवार बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरू कर दी। जिसमें एक गोली उसके गले में लग गई, गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग उधर दौड़े तो बाइक सवार बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।