img

Prabhat Vaibhav, Digital Desk : नवाबों के शहर लखनऊ के इकाना स्टेडियम में आज आईपीएल 2026 का एक और रोमांचक मुकाबला होने जा रहा है। बुधवार को लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG) और राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीमें आमने-सामने होंगी। इस हाई-वोल्टेज मैच को देखने के लिए हजारों की संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है, जिसके मद्देनजर लखनऊ ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था में भारी बदलाव किए हैं। अगर आप आज घर से बाहर निकल रहे हैं या मैच देखने जाने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है।

डीपीटी (यातायात) रवीना त्यागी ने बताया कि मैच के दौरान शहीद पथ पर सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए बड़े और भारी वाहनों के प्रवेश को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। आम जनता को परेशानी न हो, इसके लिए डायवर्जन प्लान लागू किया गया है।

शहीद पथ पर इन वाहनों के लिए 'नो एंट्री'

मैच के दौरान शहीद पथ पर रोडवेज बसों, निजी बसों और सभी प्रकार के भारी व्यावसायिक वाहनों का चलना मना है। हालांकि, राहत की बात यह है कि निजी कारों और किराये की टैक्सियों को शहीद पथ पर जाने की अनुमति दी गई है। सुल्तानपुर रोड से आने वाले भारी वाहन अमूल तिराहा से डायवर्ट किए जाएंगे, जबकि अर्जुनगंज कैंट की ओर से आने वाले वाहनों को कटाई पुल से मोड़ा जाएगा। निजी बस संचालकों को भी कड़ाई से इन नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

ऑटो और ई-रिक्शा के लिए बदले नियम

शहीद पथ और उसकी सर्विस रोड पर मैच वाले दिन ई-रिक्शा और ऑटो का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अर्जुनगंज की ओर से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा अहिमामऊ से बाएं मुड़कर पुलिस मुख्यालय (PHQ) और यूपी-112 के पीछे वाली सड़क पर सवारी उतार सकेंगे। वहीं, सुल्तानपुर रोड की ओर से आने वाले वाहन लुलु मॉल की तरफ जाकर अपनी सवारी छोड़ेंगे। प्रशासन ने साफ किया है कि अहिमामऊ के 500 मीटर के दायरे में सवारी उतारना या बैठाना सख्त मना है।

सिटी बसों और ओला-उबर के लिए निर्देश

सिटी बसें शहीद पथ पर चलती रहेंगी, लेकिन वे हुसड़िया और सुशांत गोल्फ सिटी के बीच कहीं भी नहीं रुकेंगी। उन्हें सड़क की दाईं ओर चलना अनिवार्य होगा। यही नियम ओला, उबर और अन्य टैक्सी सेवाओं पर भी लागू होगा। एयरपोर्ट की तरफ से आने वाली टैक्सियां अहिमामऊ से पहले ही अपनी सवारी उतारेंगी।

पार्किंग को लेकर क्या है तैयारी?

मैच देखने आने वाले दर्शकों के लिए पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। जिन वाहन स्वामियों के पास 'वाहन पास' है, वे अहिमामऊ से एचसीएल की तरफ होकर प्लासियो मॉल के पास चिन्हित पार्किंग में जा सकेंगे। बिना पास वाले वाहनों के लिए पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर प्लासियो मॉल में जगह मिलेगी, और वहां जगह भरने के बाद वाटर टैंक तिराहे से एचसीएल के बीच पार्किंग कराई जाएगी। सभी दोपहिया वाहन प्लासियो मॉल के पीछे पार्क होंगे।

भूलकर भी न करें ये गलती, वरना होगी सख्त कार्रवाई

पुलिस ने चेतावनी दी है कि स्टेडियम या प्लासियो मॉल के सामने सड़क पर अवैध पार्किंग करने वालों के वाहनों को तुरंत क्रेन से टो किया जाएगा या क्लैंप लगा दिया जाएगा। दर्शकों की सुविधा के लिए टिकट पर एक क्यूआर कोड दिया गया है, जिसे स्कैन करते ही पार्किंग स्थल का लोकेशन मैप खुल जाएगा। सुरक्षा कारणों से सिक्का, ईयरफोन और ज्वलनशील पदार्थ स्टेडियम के अंदर ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। मैच शुरू होने से तीन घंटे पहले स्टेडियम में एंट्री शुरू हो जाएगी, लेकिन एक बार बाहर निकलने के बाद दोबारा प्रवेश नहीं मिलेगा।