मुलायम के समधी-समधन राज्य संपत्ति विभाग के बकायेदार, आरटीआई से हुआ खुलासा
लखनऊ। देश के पूर्व रक्षा मंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के समधी-समधन यूपी राज्य संपत्ति विभाग के बकायेदार हैं। चौंकाने वाला यह खुलासा चर्चित आरटीआई एक्टिविस्ट उर्वशी शर्मा की आरटीआई पर राज्य संपत्ति विभाग द्वारा दी गई सूचना से हुआ है।
उर्वशी ने राज्य संपत्ति विभाग में एक आरटीआई अर्जी देकर लखनऊ की गुलिस्ताँ कॉलोनी के आवास संख्या 31 के आबंटियों के नाम और उन पर बकाये की सूचना माँगी थी। राज्य संपत्ति निदेशालय के सहायक लेखाधिकारी और जन सूचना अधिकारी सुनीत कुमार निगम ने उर्वशी जानकारी दी कि आवास संख्या 31 गुलिस्ताँ कॉलोनी 8 दिसम्बर 1970 से 30 नवम्बर 1993 तक ठाकुर प्रसाद के कब्जे में रहा, 30 नवम्बर 1993 से 31 दिसम्बर 2016 तक अरविन्द सिंह बिष्ट के कब्जे में रहा और 01 जनवरी 2017 से आगे नगर निगम लखनऊ की कार्मिक और एलडीए की तत्कालीन उपसचिव अम्बी बिष्ट के कब्जे में है।
जन सूचना अधिकारी ने जानकारी दी कि आवास का कब्ज़ा छोड़ते समय ठाकुर प्रसाद पर 15,268/- का और अरविन्द सिंह बिष्ट पर 28,640/- का बकाया होने के साथ-साथ मुलायम समधी अरविन्द सिंह बिष्ट की पत्नी अम्बी बिष्ट पर दिसम्बर 2020 तक 34,500/- बकाया है। अरविंद सिंह बिष्ट यूपी में सूचना आयुक्त भी रहे हैं। अरविन्द और अम्बी की बेटी अपर्णा समाजसेविका हैं। अपर्णा का विवाह मुलायम के छोटे बेटे प्रतीक यादव से हुई है।
इस मामले ने उर्वशी ने कहा कि सूबे में बिष्ट दंपत्ति जैसे तमाम लोग सरकारी सुविधाओं के बदले निर्धारित राशि नहीं चुकाते हैं। उर्वशी ने सूबे के सीएम से सख्त रुख नीति बनाकर अरविन्द सिंह बिष्ट सरीखे बकायेदारों से जल्द से जल्द अवशेषों की वसूली कराये जाने की अपील की है।