
देहरादून। उत्तराखंड में वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री केदार सिंह फोनिया का आज निधन हो गया। फोनिया लंबे समय से बीमार चल थे। केदार सिंह फोनिया उत्तराखंड की राजनीति में दो दशक से भी अधिक समय तक सक्रिय भूमिका में रहे। फोनिया उत्तराखंड के साथ ही उत्तर प्रदेश में भी कैबिनेट मंत्री रह चुके थे। उन्होंने उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में भी अहम योगदान दिया था।
केदार सिंह फोनिया के निधन से प्रदेश भाजपा में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीटर लिखा है- ‘भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री केदार सिंह फोनिया के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। भगवान दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति भी दें।’
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने भी उनके निधन गहरा शोक जताया है। खडूड़ी ने अपने शोक संदेश में कहा है कि पार्टी संगठन एवं राज्य के विकास में केदार सिंह फोनिया का योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहेगा। वे एक समर्पित जन नेता के तौर पर सदैव याद किए जाएंगे।
औली को विश्व मानचित्र पर दिलाया स्थान
आपको बता दें कि केदार सिंह फोनिया ने उत्तरप्रदेश में पर्यटन मंत्री रहते हुए औली को विश्व मानचित्र पर जगह दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। जोशीमठ-औली रोपवे भी उन्हीं की देन है। साथ ही बदरीनाथ विधानसभा के दूरस्थ गांवों में सड़कें पहुंचाने का काम भी उन्होंने ने ही किया है। वे चमोली जिले के चीन सीमा क्षेत्र के गमशाली गांव के रहने वाले थे।