शुभेन्दु ने TMC पर साधा निशाना, कहा- 21 सालों तक इस पार्टी में रहने पर हो रही शर्मिंदगी
पिछले सप्ताह शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में BJP में शामिल हुए थे।
ममता बनर्जी का साथ छोड़कर BJP का दामन थामने वाले राज्य के कद्दावर नेता शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को कहा है कि वह इस बात के लिए शर्मिंदा हैं कि वे 21 वर्षों तक TMC में थे।
शनिवार को हेस्टिंग्स में बनाए गए पार्टी के नए चुनावी कार्यालय में शुभेंदु और सांसद सुनील मंडल को BJP की ओर से सम्मानित किया गया। दोनों पिछले सप्ताह शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में BJP में शामिल हुए थे। जब शुभेंदु BJP दफ्तर में जा रहे थे उस समय तृणमूल के कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेरकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया था। इसकी भी निंदा शुभेंदु ने की।
उन्होंने कहा कि TMC के कार्यकर्ताओं का यह आचरण लोग देख रहे हैं। मुझे शर्मिंदगी होती है कि मैं 21 साल तक इस पार्टी में था। TMC अब एक कंपनी में तब्दील हो गयी है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में अगर एक ही सरकार रहेगी तभी विकास हो सकता है।
केंद्रीय योजनाओं को बंगाल में लागू नहीं करने के ममता सरकार के कदम की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि देश में कई ऐसे राज्य हैं जहां BJP की सरकार नहीं है लेकिन वे केंद्रीय योजनाओं को अपने यहां लागू करते हैं। इससे वहां के लोग उपकृत होते हैं। केवल बंगाल एक ऐसा राज्य है जहां ममता बनर्जी के अहंकार की वजह से 73 लाख किसान केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाली वित्तीय मदद से वंचित हैं।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से 34 सालों तक माकपा ने गलत तरीके से बंगाल पर शासन किया ठीक उसी रास्ते पर TMC चल रही है। राज्य के हालात पहले जैसे थे वैसे ही आज भी हैं। इस दौरान संबोधन करते हुए शुभेंदु ने कहा कि भारत केसरी डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की वजह से बंगाल में बंगाली रह रहे हैं। एकमात्र BJP ऐसी पार्टी है जो देश को अग्रणी बना सकती है। बंगाल का शासन भी BJP के हाथ में देना होगा।