बजट को लेकर अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर साधा निशाना, कहा- योगी फ्री यूपी चाहते हैं अब॰॰॰
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि यह योगी जी का अंतिम बजट है। अब खेल खत्म। बजट में गरीबों और किसानों को सिर्फ धोखा मिला है।
उत्तर प्रदेश॥ योगी सरकार के सोमवार को उत्तर प्रदेश विधान मण्डल में प्रस्तुत वर्ष 2021-22 के बजट की विपक्ष ने कड़ी आलोचना की है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि यह योगी जी का अंतिम बजट है। अब खेल खत्म। बजट में गरीबों और किसानों को सिर्फ धोखा मिला है।
सपा चीफ ने कहा कि महंगाई निरंतर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि लोग पेपर फ्री बजट नहीं योगी फ्री यूपी चाहते हैं। बजट में भाजपा ने अपने संकल्प पत्र को भी पूरा नहीं किया। सपा के पुराने कामों को ही दिखाया गया है। उन्होंने कहा कि लोगों से असलियत छिपाई जा रही है। एक्सप्रेस वे इसका उदाहरण है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि सपा ने हर वर्ग के लोगों को जोड़ने का प्रयास किया है। इलेक्शन करीब आने पर बड़ी संख्या में सत्ता पक्ष के लोग भी हमारी पार्टी में शामिल होंगे। बीजेपी सरकार केवल पूंजीपतियों के लिए काम कर रही है। किसान परेशान है।