Weather Report Uttar Bharat : उत्तर भारत की बर्फीली हवा से तापमान 6.7 डिग्री, 12-13 को बारिश, जानिए

img

पलामू। उत्तर भारत में बर्फीली हवा चलने का असर पलामू में देखने को मिल रहा है। सुबह में ठंडी हवा चल रही है। इससे तापमान में लगातार कमी आ रही है। पलामू का न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री रहा है। पिछले 72 घंटे के दौरान 7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है।

दिन में तेज धूप रहने के कारण अधिकतम तापमान में दो डिग्री की कमी आई है। इस बीच मौसम विभाग ने 12 एवं 13 फरवरी को बारिश का अलर्ट जारी किया है। पलामू जिले में भी बारिश को लेकर संभावना व्यक्त की गई है। वज्रपात को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग की माने तो इस दौरान आकाश में बादल छाए रहेंगे वहीं न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है। हालांकि इसके बाद तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस बढ़ाने की संभावना है।

मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि 11 फरवरी को भी पलामू प्रमंडल के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। बर्फीली हवा चलने के कारण सुबह और शाम की स्थिति काफी ठंडी हो गई है। इससे जनजीवन पर असर पड़ रहा है। लोग ठिठुरने पर विवश है। रात 9 बजे के बाद सड़के वीरान हो जा रही हैं। सुबह के समय भी लोग घरों से नहीं निकल रहे हैं।

Related News