
कानपुर 10 अप्रैल।। BJP सरकार ने प्रदेश में विकास, सुशासन एवं जनता की सेवा को सर्वोपरि रखा है। आने वाले चुनावों में एक बार फिर जनता के आशीर्वाद से BJP की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। 2027 में 2017 का इतिहास दोहराना है। यह बातें गुरुवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कही।
भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कानपुर में गांव चलो अभियान के अंतर्गत प्रवास करने पहुंचे। उन्होंने सांसद रमेश अवस्थी के आवास पर पार्टी के जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में BJP सरकार आने के बाद तस्वीर पूरी तरह से बदल चुकी है। प्रदेश की जनता विपक्ष को अपने दिलाें से निकाल चुकी है। BJP सबका साथ सबका विकास के नारे के साथ आगे बढ़ रही है। जिस तरह से साल 2017 में BJP ने प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ कमल का फूल खिलाया था। ठीक उसी तरह से 2027 में भी विपक्षियों को मुंह तोड़ जवाब देना होगा और समाजवादी पार्टी को समाप्तवादी पार्टी बनाना है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता और सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के संकल्प को दोहराए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पार्टी के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाए।