Prabhat Vaibhav,Digital Desk : लुधियाना पुलिस ने कट्टरपंथी नेता और चर्चित कंचन कुमारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों के खिलाफ घेराबंदी तेज कर दी है। पुलिस अब मेहरों को बठिंडा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लुधियाना लाने की तैयारी में है। यह पूरी कार्रवाई पंजाब कांग्रेस के प्रधान और सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को जान से मारने की धमकी देने और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने के पुराने मामले में की जा रही है।
राजा वड़िंग को दी थी हत्या की धमकी, वेब इंटरव्यू में उगला था जहर
अमृतपाल सिंह मेहरों के खिलाफ यह मामला नवंबर 2022 का है, जब उसने एक वेब चैनल को दिए इंटरव्यू में विवादित बयान दिए थे। एफआईआर के मुताबिक, मेहरों ने राजा वड़िंग को संबोधित करते हुए बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उसने कथित तौर पर कहा था कि जिस तरह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या हुई थी, उसी तरह एक दिन राजा वड़िंग का भी अंत कर दिया जाएगा। इस भड़काऊ बयान और वीडियो में हथियारों की नुमाइश करने के बाद थाना डिवीजन नंबर-5 में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
हथियार संस्कृति को लेकर हुआ था विवाद
विवाद की शुरुआत तब हुई थी जब राजा वड़िंग ने मेहरों की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की थी। वड़िंग ने युवाओं को धर्म और गुरुओं की शिक्षा से जोड़ने की मेहरों की पहल की तारीफ तो की थी, लेकिन साथ ही पंजाब में बढ़ती 'हथियार संस्कृति' (Gun Culture) को बढ़ावा देने पर चिंता जताई थी। इसी बात से नाराज होकर मेहरों ने वीडियो जारी किया था, जिसमें उसने न सिर्फ हथियारों का समर्थन किया बल्कि सीधे तौर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को धमकी दे डाली।
कंचन कुमारी हत्याकांड से भी जुड़े हैं तार
अमृतपाल सिंह मेहरों लुधियाना की मशहूर इंटरनेट मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ 'कमल कौर भाभी' की हत्या के मामले में भी मुख्य आरोपी है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि मेहरों के खिलाफ अदालत पहले ही गिरफ्तारी वारंट जारी कर चुकी है। अब बठिंडा की अदालत से प्रोडक्शन वारंट हासिल कर उसे लुधियाना लाया जाएगा, जहां पुलिस उससे राजा वड़िंग धमकी मामले और अन्य आपराधिक गतिविधियों को लेकर गहन पूछताछ करेगी।




