img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : यूपी फार्मा कॉन्क्लेव का मंच था, लेकिन संदेश साफ और सख्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस एनकाउंटर पर सवाल उठाने वालों को अपने चिर-परिचित अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि आखिर पुलिस गोली न मारे तो क्या खाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस को हथियार इसलिए दिए गए हैं ताकि वह कानून की रक्षा कर सके। सीएम के इस बयान पर मौजूद उद्यमियों ने तालियों के साथ समर्थन जताया।

कानून को आंख दिखाने वालों को मिलेगा जवाब

मुख्यमंत्री ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश में कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में नहीं ले सकता। यदि कोई नियम-कानून तोड़ने की कोशिश करता है तो कानून उसे अपने दायरे में लाकर अपने तरीके से जवाब देता है। उन्होंने कहा कि मजबूत कानून-व्यवस्था ही निवेश का सबसे बड़ा आधार है और यूपी इस कसौटी पर पूरी तरह खरा उतर रहा है।

यूपी बनेगा फार्मा हब, 10 हजार करोड़ के निवेश पर सहमति

मंगलवार को होटल ताज में आयोजित हेल्थ फार्मा कॉन्क्लेव 1.0 में सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश को फार्मा हब बनाने का रोडमैप रखा। उन्होंने बताया कि बजट सत्र के दौरान लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय स्तर के फार्मा संस्थान की घोषणा की जाएगी। प्रदेश में फार्मा पार्क विकसित किए जाएंगे और इसी कड़ी में अंतरराष्ट्रीय फार्मा कंपनियों ने यूपी में 10 हजार करोड़ रुपये के निवेश के एमओयू पर सहमति जताई। इस दौरान 5525 करोड़ रुपये के 11 एमओयू का आदान-प्रदान हुआ।

बुंदेलखंड से नोएडा तक औद्योगिक विस्तार

सीएम ने जानकारी दी कि ललितपुर में 1472 एकड़ में फार्मा पार्क के बाद झांसी-बुंदेलखंड क्षेत्र में 56 हजार एकड़ में औद्योगिक जोन विकसित किया जाएगा, जहां एयर कनेक्टिविटी भी उपलब्ध होगी। एआई मिशन के तहत प्रदेश तीन चरणों में 2000 करोड़ रुपये खर्च करेगा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास 350 एकड़ में मेडिकल डिवाइस पार्क बन रहा है। आईआईटी कानपुर के सहयोग से 1200 करोड़ रुपये का मेडटेक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी तैयार किया गया है।

स्वास्थ्य और रोजगार में बड़े बदलाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वी यूपी समेत 38 जिले जापानी इंसेफ्लाइटिस से पूरी तरह मुक्त हो चुके हैं। 2003 से 2017 तक प्रदेश में अपहरण, वसूली और संगठित अपराध चरम पर था, लेकिन 2017 के बाद यूपी अपराधमुक्त वातावरण की ओर बढ़ा है। अब तक 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिनमें से 20 लाख करोड़ रुपये की ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है। बेरोजगारी की दर में भी तेजी से गिरावट आई है।

लैंड बैंक, एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट से निवेश को रफ्तार

माफिया से 65 हजार एकड़ से अधिक जमीन मुक्त कराकर लैंड बैंक तैयार किया जा रहा है। नए निवेशकों को एक हजार दिन तक निरीक्षण से छूट दी गई है। देश के 55 प्रतिशत एक्सप्रेसवे यूपी में हैं और 16 एयरपोर्ट सक्रिय हैं, जो औद्योगिक विकास को नई गति दे रहे हैं।

वैश्विक मंच पर भारत की मजबूती

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के कारण वैश्विक स्तर पर भारत की ताकत बढ़ी है। अमेरिका को भी टैरिफ कम करने पर मजबूर होना पड़ा, जिसका लाभ डिफेंस कॉरिडोर समेत कई क्षेत्रों को मिलेगा। ‘सत्यमेव जयते’ के संदेश के साथ उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना की।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि यूपी के सरकारी चिकित्सा संस्थानों में हर साल ओपीडी में करीब 50 करोड़ मरीज पहुंचते हैं, जिससे फार्मा उद्योग के लिए प्रदेश में अपार संभावनाएं हैं। प्रमुख निवेशकों ने यूपी की कानून-व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए बड़े पैमाने पर निवेश की प्रतिबद्धता जताई।