img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : बॉलीवुड की 'कबीर सिंह' गर्ल कियारा आडवाणी इन दिनों अपनी निजी जिंदगी और वर्क फ्रंट को लेकर जबरदस्त सुर्खियों में हैं। पिछले साल मां बनने के बाद अब कियारा बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी के लिए तैयार हैं। लेकिन इसी बीच अभिनेत्री का एक पुराना बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने कबूल किया था कि उनके दिल में पति सिद्धार्थ मल्होत्रा के अलावा एक और खास शख्स के लिए जगह है। हैरान मत होइए, हम बात कर रहे हैं साउथ फिल्म इंडस्ट्री के 'अर्जुन रेड्डी' यानी विजय देवरकोंडा की।

विजय देवरकोंडा की बड़ी फैन हैं कियारा, खुद किया था प्यार का इजहार

दरअसल, एक टॉक शो के दौरान राणा दग्गुबाती से बातचीत करते हुए कियारा आडवाणी ने अपनी पसंद का खुलासा किया था। कियारा ने बताया कि वह विजय देवरकोंडा की बहुत बड़ी प्रशंसक हैं और उनके काम की कायल हैं। अभिनेत्री ने मजाकिया लेकिन बेबाक अंदाज में कहा था कि विजय के लिए उनके दिल में एक खास कोना है। कियारा का यह बयान अब एक बार फिर चर्चा में आ गया है, क्योंकि प्रशंसक उनकी और विजय की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री देखने के लिए बेताब हैं।

'टॉक्सिक' से वापसी: क्यों निर्देशक की पहली पसंद बनीं कियारा?

कियारा जल्द ही सुपरस्टार यश के साथ फिल्म 'टॉक्सिक' में नजर आएंगी। फिल्म की निर्देशक गीतू मोहंदर ने कियारा को फिल्म में लेने की दिलचस्प वजह बताई है। उन्होंने कहा कि फिल्म में 'नादिया' के किरदार के लिए उन्हें एक ऐसी अभिनेत्री चाहिए थी जिसमें कोमलता और क्रूरता का सही मिश्रण हो। गीतू के अनुसार, कियारा का समर्पण और उनका यथार्थवादी अभिनय उन्हें अन्य अभिनेत्रियों से अलग बनाता है। वह सेट पर केवल निर्देशों का पालन नहीं करतीं, बल्कि किरदार की रूह में उतर जाती हैं।

क्लैश से बचने के लिए बदली रिलीज डेट

यश और कियारा की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'टॉक्सिक' पहले 19 मार्च को रिलीज होने वाली थी, जहां इसका मुकाबला रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' से होना था। हालांकि, मध्य पूर्व के हालातों और तकनीकी कारणों से निर्माताओं ने अब फिल्म की रिलीज डेट को बढ़ाकर 4 जून 2026 कर दिया है। सिद्धार्थ मल्होत्रा से शादी और एक बेटी की मां बनने के बाद, कियारा का यह नया फिल्मी अवतार फैंस के लिए किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं होने वाला है।