img

Prabhat Vaibhav, Digital Desk : भारतीय सिनेमा की सबसे बेहतरीन हॉरर-फैंटेसी फिल्मों में शुमार 'तुम्बाड' के प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से चल रहे इंतजार को खत्म करते हुए अभिनेता और निर्माता सोहम शाह ने 'तुम्बाड 2' की आधिकारिक रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। इस बार फिल्म में सोहम शाह के साथ दिग्गज अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी नजर आएंगे, जिससे फिल्म को लेकर उत्सुकता दोगुनी हो गई है।

कब रिलीज होगी 'तुम्बाड 2'?

सोहम शाह ने सोशल मीडिया पर फिल्म का नया अपडेट साझा करते हुए फैंस को रोमांचित कर दिया है। उन्होंने रिलीज डेट की घोषणा करते हुए लिखा, "एक पाप से भरा अतीत और डरावना भविष्य। भूख बढ़ती जा रही है, लेकिन लालच की विरासत जारी है। अपने कैलेंडर्स मार्क कर लीजिए। तुम्बाड 2 आने वाली है 3 दिसंबर 2027 को, प्रलय आएगा।" इस घोषणा के साथ ही साफ हो गया है कि हस्तर की दुनिया एक बार फिर बड़े पर्दे पर तबाही मचाने के लिए तैयार है।

नवाजुद्दीन सिद्दीकी की एंट्री से बढ़ा रोमांच

इस सीक्वल की सबसे बड़ी खासियतों में से एक है नवाजुद्दीन सिद्दीकी का इस प्रोजेक्ट से जुड़ना। फिल्म का हिस्सा बनने पर नवाजुद्दीन ने कहा कि उन्हें 'तुम्बाड' की ओरिजनैलिटी और कहानी कहने का अंदाज हमेशा से पसंद था। उन्होंने बताया कि सीक्वल में उनका किरदार काफी गहरा और कई परतों वाला है। सोहम शाह ने भी नवाज के साथ काम करने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उनके आने से फिल्म का नरेटिव एक नए लेवल पर पहुंच जाएगा।

निर्देशन और टीम में बदलाव

'तुम्बाड 2' का निर्देशन इस बार आदेश प्रशाद कर रहे हैं, जिन्होंने पहले पार्ट में को-डायरेक्टर की भूमिका निभाई थी। आदेश ही इस फिल्म के लेखक भी हैं। बता दें कि पहले पार्ट का निर्देशन राही अनिल बार्वे और आनंद गांधी ने किया था। फिल्म की रिलीज डेट सामने आने के बाद फैंस सोशल मीडिया पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। ज्यादातर लोगों का कहना है कि वे इस 'मास्टरपीस' के लिए 2027 तक इंतजार करने को तैयार हैं, बस फिल्म की गुणवत्ता पहले पार्ट जैसी ही होनी चाहिए।