Prabhat Vaibhav,Digital Desk : अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट से टैरिफ रद्द होने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 10% अतिरिक्त वैश्विक शुल्क (Global Tariff) का पासा फेंक दिया है। यह नया नियम 24 फरवरी 2026 की रात 12:01 बजे से प्रभावी होने जा रहा है। हालांकि, अमेरिकी अर्थव्यवस्था को महंगाई के झटके से बचाने के लिए ट्रंप प्रशासन ने कुछ चुनिंदा वस्तुओं को इस टैक्स के दायरे से बाहर रखने का फैसला किया है।
अगर आप दवाइयों, इलेक्ट्रॉनिक्स या ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़े हैं, तो आपके लिए यह खबर बड़ी राहत लेकर आई है। आइए जानते हैं किन-किन चीजों पर यह 10% एक्स्ट्रा बोझ नहीं पड़ेगा।
दवाइयों और जीवन रक्षक सामग्री पर 'जीरो' टैक्स
अमेरिका अपनी जरूरतों के लिए बड़े पैमाने पर दवाओं और फार्मा सामग्री का आयात करता है। ट्रंप प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दवाओं (Medicines) और दवा बनाने वाले कच्चे माल (API) पर कोई अतिरिक्त 10% शुल्क नहीं लगेगा। चूंकि अमेरिका इन वस्तुओं के लिए भारत जैसे देशों पर निर्भर है, इसलिए इस छूट से भारतीय फार्मा कंपनियों को जबरदस्त फायदा होगा।
दुर्लभ धातुएं और ऊर्जा उत्पादों को भी बड़ी राहत
ऐसी धातुएं और खनिज जो अमेरिका में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हैं, उन्हें भी इस सूची में जगह मिली है:
आवश्यक खनिज और दुर्लभ धातुएं: तकनीकी और विनिर्माण क्षेत्र के लिए जरूरी क्रिटिकल मिनरल्स।
ऊर्जा और नेचुरल रिसोर्स: कच्चा तेल, गैस और अन्य ऊर्जा उत्पाद इस टैक्स से मुक्त रहेंगे।
उर्वरक (Fertilizers): कृषि क्षेत्र को प्रभावित होने से बचाने के लिए उर्वरकों पर भी कोई अतिरिक्त बोझ नहीं डाला गया है।
खाने-पीने की चीजें और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स
ट्रंप ने कुछ प्रमुख कृषि उत्पादों और तकनीकी उपकरणों को छूट की सूची में रखा है:
कृषि उत्पाद: गोमांस (Beef), टमाटर और संतरे जैसे जरूरी खाद्य उत्पाद टैक्स फ्री रहेंगे।
इलेक्ट्रॉनिक्स: कुछ विशिष्ट इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भी 10% अतिरिक्त शुल्क से बाहर रखा गया है, ताकि अमेरिकी उपभोक्ताओं पर महंगाई की मार न पड़े।
ऑटोमोबाइल और एयरोस्पेस सेक्टर की चांदी
भारी वाहनों और यात्री कारों के लिए भी अच्छी खबर है। सरकार ने निम्नलिखित पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगाने का निर्णय लिया है:
पैसेंजर व्हीकल्स और बसें: यात्री गाड़ियां, बसें और हल्के ट्रकों पर राहत बरकरार है।
ऑटो पार्ट्स: गाड़ियों के कुछ महत्वपूर्ण पुर्जों (Spare Parts) पर भी कोई एक्स्ट्रा टैक्स नहीं लगेगा।
एयरोस्पेस: विमानन क्षेत्र से जुड़े उत्पादों को भी इस 10% टैक्स से छूट दी गई है।
किताबें और दान की सामग्री भी दायरे से बाहर
सूचनात्मक सामग्री जैसे किताबें (Books), दान में दी जाने वाली वस्तुएं और व्यक्तिगत सामान भी इस नए टैरिफ से मुक्त रहेंगे। ट्रंप का यह 'प्लान बी' काफी सोच-समझकर तैयार किया गया है ताकि उन वस्तुओं पर असर न पड़े जिनकी कमी से अमेरिका में घरेलू संकट पैदा हो जाए।




