img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : नगर निगम में आम आदमी पार्टी (AAP) की दो महिला पार्षद सुमन शर्मा और पूनम ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ग्रहण कर ली है।

भाजपा कार्यालय कमलम में आयोजित कार्यक्रम में दोनों पार्षदों ने आप को अलविदा कहकर भाजपा का दामन थाम लिया। इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र मल्होत्रा, मेयर हरप्रीत कौर बबला और वरिष्ठ नेता संजय टंडन मौजूद थे।

ज्वाइन करने के बाद सुमन और पूनम ने कहा कि वे भाजपा की नीतियों और एक वर्ष के मेयर कार्यकाल में हुए विकास कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा से जुड़ रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आप मेयर के कार्यकाल में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हुए।

प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और भाजपा की राष्ट्रवादी नीतियों से प्रभावित होकर ये दो पार्षद भाजपा में शामिल हुई हैं। उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 16 से पूनम और वार्ड नंबर 4 से सुमन शर्मा ने पार्टी की सदस्यता ली है।

प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि भाजपा की नीतियों और नेतृत्व पर जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। यही कारण है कि अन्य राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि भी संगठन से जुड़ने का निर्णय ले रहे हैं।

मेयर हरप्रीत कौर बबला ने दोनों पार्षदों का स्वागत करते हुए कहा कि उनके शामिल होने से भाजपा और मजबूत होगी और नगर निगम में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। वहीं वरिष्ठ नेता संजय टंडन ने कहा कि यह जनविश्वास का स्पष्ट संकेत है और भाजपा संगठन लगातार मजबूत हो रहा है।

पार्षद सुमन शर्मा ने कहा, “यह मेरी घर वापसी है। भाजपा से मेरा पुराना नाता रहा है और आज मैं अपनी मूल विचारधारा से जुड़कर गर्व महसूस कर रही हूं। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करूंगी।”

पार्षद पूनम ने भी कहा कि भाजपा की विकासोन्मुखी नीतियों से प्रभावित होकर उन्होंने यह निर्णय लिया है और अब वे संगठन के साथ मिलकर जनसेवा के कार्यों को मजबूती से आगे बढ़ाएंगी।