Prabhat Vaibhav,Digital Desk : गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में आज शाम जब चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीमें टकराएंगी, तो रोमांच की सारी हदें पार होने वाली हैं। पांच बार की चैंपियन चेन्नई के लिए राह इतनी आसान नहीं होगी, क्योंकि राजस्थान के तरकश में ऐसे 5 तीर हैं जो अकेले दम पर बाजी पलटने का मादा रखते हैं। इस सूची में सबसे चौंकाने वाला और घातक नाम युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी का है, जिनसे पार पाना चेन्नई के गेंदबाजों के लिए टेढ़ी खीर साबित हो सकता है।
पावरप्ले के 'सुल्तान' वैभव सूर्यवंशी से खौफ में चेन्नई!
राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस समय चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। जानकारों का मानना है कि वैभव चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजों के लिए काल साबित हो सकते हैं। आईपीएल 2025 में महज 7 मैचों में 206 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 252 रन कूटने वाले वैभव अगर शुरुआती 6 ओवर टिक गए, तो चेन्नई का गेंदबाजी आक्रमण ताश के पत्तों की तरह बिखर सकता है। पिछले एक साल में उनके खेल में आया निखार चेन्नई की रातों की नींद उड़ाने के लिए काफी है।
यशस्वी जायसवाल और हेटमायर की 'विध्वंसक' जोड़ी
सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का बल्ला चेन्नई के खिलाफ हमेशा आग उगलता है। आंकड़ों की मानें तो चेन्नई के विरुद्ध 8 मैचों में 161 के स्ट्राइक रेट से 266 रन बनाने वाले यशस्वी आज फिर बड़ी पारी खेलने को बेताब हैं। वहीं, मध्यक्रम में वेस्टइंडीज के 'सिक्सर किंग' शिमरोन हेटमायर का फॉर्म डराने वाला है। हाल ही में संपन्न टी20 विश्व कप 2026 में 186 के स्ट्राइक रेट से रन बनाने वाले हेटमायर किसी भी वक्त मैच का रुख मोड़ने की क्षमता रखते हैं।
रवींद्र जडेजा: घर का भेदी जो लंका ढा सकता है!
इस मैच का सबसे बड़ा 'एक्स फैक्टर' रवींद्र जडेजा हैं। सालों तक चेन्नई की पीली जर्सी में खेलने वाले जडेजा अब राजस्थान के पाले में हैं। वह चेन्नई के हर खिलाड़ी की कमजोरी और ताकत से वाकिफ हैं। जडेजा की सटीक स्पिन और निचले क्रम में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी राजस्थान के लिए 'तुरुप का पत्ता' साबित होगी। चेन्नई के लिए अपने ही पूर्व सिपाही की रणनीति को तोड़ना एक बड़ी चुनौती होने वाली है।
जोफ्रा आर्चर की 'रफ्तार' और सटीक लाइन-लेंथ
गेंदबाजी विभाग में इंग्लैंड के रफ्तार के सौदागर जोफ्रा आर्चर चेन्नई के बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा लेंगे। टी20 विश्व कप 2026 में सबसे ज्यादा डॉट बॉल फेंकने वाले आर्चर अपनी गति और बाउंस से शुरुआती झटके देने में माहिर हैं। अगर आर्चर ने पावरप्ले में विकेट चटकाए, तो चेन्नई के लिए वापसी करना मुश्किल हो जाएगा।




