बांकीपुर उपचुनाव: तेज प्रताप यादव का बड़ा दांव, वीणा मानवी को बनाया अपनी पार्टी का उम्मीदवार

बांकीपुर उपचुनाव: तेज प्रताप यादव का बड़ा दांव, वीणा मानवी को बनाया अपनी पार्टी का उम्मीदवार

पटना: बिहार की राजधानी पटना की सबसे हाई-प्रोफाइल सीटों में से एक बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले आगामी उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां अचानक तेज हो गई हैं। भले ही अभी निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव की तारीखों का आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन राजनीतिक दलों ने बिसात बिछानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में मंगलवार (30 जून, 2026) को जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने सबको चौंकाते हुए अपने संभावित प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी है।

जेजेडी में शामिल हुईं वीणा मानवी, तेज प्रताप यादव ने तुरंत थमाई टिकट

महिला विकास मंच की प्रमुख चेहरा रहीं वीणा मानवी ने मंगलवार को तेज प्रताप यादव की मौजूदगी में जनशक्ति जनता दल (JJD) की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी में शामिल होते ही तेज प्रताप यादव ने उन पर बड़ा भरोसा जताते हुए न सिर्फ संगठन में बड़ी जिम्मेदारी दी, बल्कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए उन्हें पार्टी का संभावित उम्मीदवार भी घोषित कर दिया।

इस बात की जानकारी खुद तेज प्रताप यादव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' (पहले ट्विटर) पर तस्वीरें साझा करते हुए दी।

तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर दी बधाई: 'क्षेत्र की जनता की आवाज बनेंगी वीणा'

तेज प्रताप यादव के आधिकारिक 'एक्स' हैंडल से पोस्ट कर लिखा गया, "जनशक्ति जनता दल परिवार में हार्दिक स्वागत एवं शुभकामनाएं। आज व्यवस्था एवं समृद्ध महिला विकास मंच की कमेटी के तत्वावधान में वीणा मानवी ने जनशक्ति जनता दल की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी परिवार का हिस्सा बनने का निर्णय लिया। इस अवसर पर पार्टी नेतृत्व द्वारा उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।"

पोस्ट में आगे उनके उम्मीदवार बनाए जाने की पुष्टि करते हुए लिखा गया, "आगामी बांकीपुर विधानसभा (पटना) से जनशक्ति जनता दल की ओर से उन्हें संभावित प्रत्याशी के रूप में संगठनात्मक जिम्मेदारी प्रदान करने एवं विधानसभा चुनाव में पार्टी का प्रतिनिधित्व कराने का निर्णय लिया गया है। हमें पूर्ण विश्वास है कि वीणा मानवी जी अपने समर्पण, सेवा-भाव एवं जनहित के प्रति प्रतिबद्धता के साथ क्षेत्र की जनता की आवाज बनकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।"

भाजपा का गढ़ रही है बांकीपुर सीट, क्यों हो रहा है यहां उपचुनाव?

बांकीपुर विधानसभा सीट पारंपरिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (BJP) का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है। साल 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी के कद्दावर नेता नितिन नवीन ने इस सीट पर शानदार जीत दर्ज की थी। हालांकि, बाद में नितिन नवीन के राज्यसभा सांसद चुने जाने के कारण यह विधानसभा सीट खाली हो गई, जिसके चलते अब यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। बीजेपी के इस किले में सेंध लगाने के लिए तेज प्रताप की पार्टी ने वीणा मानवी को उतारकर मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने के संकेत दे दिए हैं।

प्रशांत किशोर की पार्टी 'जन सुराज' की एंट्री से मुकाबला हुआ दिलचस्प

इस उपचुनाव में सिर्फ बीजेपी और जेजेडी ही नहीं, बल्कि 'जन सुराज' के सूत्रधार प्रशांत किशोर भी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। बांकीपुर सीट को लेकर प्रशांत किशोर की टीम जमीन पर लगातार सक्रिय है। हालांकि, जन सुराज की तरफ से अभी उम्मीदवार के नाम का खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इस बात की भी चर्चा जोरों पर है कि खुद प्रशांत किशोर इस सीट से चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। ऐसे में बांकीपुर का यह उपचुनाव बेहद दिलचस्प और कांटे का होने वाला है।

Latest Posts