किसान पंचायत में गरजी प्रियंका – अहंकारी सरकार का अहंकार तोड़ेंगे किसान
बिजनौर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने नए कृषि कानूनों को लेकर मोदी को कठघरे में खड़ा किया है। सोमवार को बिजनौर में किसान पंचायत को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने घूमने के लिए 16 हजार करोड़ में दो-दो हवाई जहाज खरीदे, लेकिन किसानों के 15 हजार करोड़ का बकाया नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि नए कृषि कानूनों के जरिए पूंजीपति जमाखोरी करेंगे और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य भी नहीं मिलेगा। प्रियंका ने कहा कि किसान इस अहंकारी सरकार का अहंकार तोड़ेंगे। इस लड़ाई में कांग्रेस किसानो के साथ है।
किसान पंचायत को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा कि अब तक आप ने खूब भाषण और शायरी सुनी। मैं यहां भाषण देने नहीं, आपसे बातचीत करने आईं हूं। आपके हमारे बीच में भरोसे का रिश्ता है। इसी भरोसे के बल पर हम आगे बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जी को भी जीताने के पीछे कोई भरोसा रहा होगा तभी उनको जीताया होगा। उन्होंने चुनाव में कई वादे किए। रोजगार और व्यापार को बढ़ाने के वादे किया। किसानों की आय दुगुना करने का वादा किया, लेकिन किसी वादे को पूरा नहीं किया गया।
मोदी सरकार पर तंज कस्ते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि जो भगवान का सौदा करता है, इन्सान की कीमत क्या जाने, जो गन्ने की कीमत नहीं दे सकता, वो जान की कीमत क्या जाने। उन्होंने कहा कि जब किसान ही कृषि कानून नहीं चाहता तो फिर क्यों इसे वापस नहीं लिया जा रहा है ? क्या जबरदस्ती किसी की भलाई करेंगे ?
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि तीनों कृषि कानून पूंजीपतियों के लिए बनाया गया है। पहले कानून से जमाखोरी बढ़ेगी। दूसरे कानून से बड़े-बड़े उद्योगपतियों की जेबें भरेंगी। सरकारी मंडियां बंद होंगी और निजी मंडियां बढ़ेंगी। किसानों को मिलने वाला न्यूनतम समर्थन मूल्य बंद हो जाएगा। तीसरे कानून के तहत कांट्रैक्ट के तहत पूंजीपति किसानों की फसल को खरीदेंगे। इसमें खास बात है कि आगे चलकर कांट्रैक्ट करने वाले गन्ना लेने से मना कर देंगे और किसान मजबूर हो जाएगा।
प्रधानमंत्री पर तंज कस्ते हुए प्रियंका ने कहा कि मोदी जी विदेशों का दौरा करते हैं, लेकिन अपने घर से दो से तीन किलोमीटर की दूरी पर बैठे किसानों से के पास जाकर बात नहीं कर पा रहे हैं। प्रियंका ने कहा कि पीएम संसद में खड़े होकर जिन किसानों का मजाक उड़ा रहे हैं उसी किसान का बेटा ही जवान बनकर सीमा पर तैनात है। उसी का बेटा प्रधानमंत्री की सुरक्षा में भी तैनात है। प्रियंका ने कहा कि ८० दिनों से शांतिपूर्वक धरना दे रहे किसानों को आपके मंत्री देशद्रोही कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की शहादत का मजाक उड़ाया जा रहा है।
किसान पंचायत में उमड़ी भीड़ से उत्साहित प्रियंका गांधी ने पीएम पर निशान साधते हुए कहा कि किसानों ने ही आपको सत्ता दी है, उनका आदर कीजिये। जब कोई नेता अहंकार में आ जाता है तो देशवासी उसे सबक सिखाते हैं। इस सरकार ने सात साल में सिर्फ लोगों की कमर तोड़ने और अपने चंद अरबपति मित्रों की मदद का काम किया है। प्रियंका ने कहा कि किसान इस अहंकारी सरकार का अहंकार तोड़ेंगे। इस लड़ाई में कांग्रेस किसानो के साथ है। मैं आपका साथ कभी नहीं छोड़ूंगी।