देहरादून। पुलिस महकमे में मंगलवार को बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया। तबादले की ये लिस्ट डीआईजी गढ़वाल रेंज करन सिंह नगन्याल ने जारी की। इस लिस्ट के मुताबिक 131 दारोगा, 134 हेड कांस्टेबल और एक हजार 110 सिपाहियों को स्थान्तरित किया गया है।
वार्षिक तबादलों को लेकर पुलिस महकमे में कई दिनों से चर्चा चल रही है। इस वजह से जिलों में भी तबादलों की सूची अटकी हुई थी। मंगलवार को स्थानांतरण की सूची जारी कर दी गई। डीआईजी ने बताया कि दून-हरिद्वार से ट्रांसफर कार्मिकों में से 50 फीसदी पुलिस कर्मियों को सात दिन के भीतर रिलीव किया जाएगा। बाकी 50 फीसदी को 15 दिनों के अंदर रिलीव किया जाएगा।
पहाड़ी जिलों में तैनात पुलिस कप्तानों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने यहां कार्मिकों के आगमन के बाद ही ट्रांसफर किए गए कार्मिकों को रिलीव करें। वहीं जिन पुलिस कर्मियों की ड्यूटी चारधाम यात्रा में लगी है, उन्हें 30 जून को रिलीव किया जाएगा। तबादला सूची में दून के तीन थानेदार भी। क्लेमनटाउन थानाध्यक्ष दीपक सिंह कठैत को उत्तरकाशी, प्रेमनगर थानाध्यक्ष मनोज नैनवाल को चमोली और रायपुर एसओ अमरजीत सिंह को पौड़ी भेजा गया।
वहीं दारोगाओं की तबादला लिस्ट ने सबसे ज्यादा नाम देहरादून में तैनात पुलिसवालों के हैं। देहरादून से 37 दारोगाओं को पहाड़ी इलाकों के लिए स्थान्तरित किया गया है। वहीं हरिद्वार से भी 33 दारोगाओं का पहाड़ी जिलो में तबादला किया गया है।