गोद में बच्चे, हाथों में असॉल्ट राइफलें और दीवारों से छलांग लगाती महिलाएं: बदल चुका है ईरान का सैन्य मिजाज
मध्य पूर्व के सुलगते हालात और अमेरिका-इजरायल के साथ गहराते तनाव के बीच ईरान से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। तेहरान की सड़कों और मिलिट्री कैंपों का नजारा पूरी तरह बदल चुका है। अब वहां महफूज चार दीवारों के भीतर रहने वाली महिलाएं हाथों में असॉल्ट राइफलें थामे कड़े सैन्य अभ्यास करती नजर आ रही हैं। राजधानी तेहरान के प्रमुख चौराहों पर बने विशेष नागरिक प्रशिक्षण शिविरों में महिलाओं को जिस मुस्तैदी से जंग के तौर-तरीके सिखाए जा रहे हैं, उसने यह साबित कर दिया है कि ईरान किसी भी बड़े खतरे से निपटने के लिए अपनी रीढ़ को कितना मजबूत कर रहा है।
महिलाओं के हाथ में हथियार और मैदान में उग्र तेवर
तेहरान के आज़ादी स्क्वायर और इमाम हुसैन स्क्वायर जैसे प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर इन दिनों जो दृश्य दिख रहे हैं, वे किसी आम सैन्य छावनी जैसे हैं। यहां हजारों की संख्या में महिला स्वयंसेवक स्वेच्छा से सैन्य प्रशिक्षण ले रही हैं। इन महिलाओं के कंधे पर भारी-भरकम असॉल्ट राइफलें लटकी होती हैं और कई महिलाओं की गोद में उनके छोटे-छोटे बच्चे भी नजर आते हैं, जो इस बात का प्रतीक है कि राष्ट्र रक्षा के लिए ईरानी महिलाएं किस हद तक जागरूक और प्रतिबद्ध हो चुकी हैं। पारंपरिक पहनावे और चादर में लिपटी ये महिलाएं केवल परेड तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हथियारों की लोडिंग, अनलोडिंग और सटीक निशानेबाजी के गुर बेहद आक्रामक अंदाज में सीख रही हैं।
दीवारें फांदना और जिपलाइन से गुजरना बनी नई ट्रेनिंग का हिस्सा
यह मिलिट्री ट्रेनिंग किसी साधारण ड्रिल जैसी नहीं है, बल्कि इसमें कमांडो स्टाइल की बेहद कठिन शारीरिक परीक्षाओं को शामिल किया गया है। कैंपों में महिलाओं को ऊंची-ऊंची कंक्रीट की दीवारों को चुस्ती के साथ फांदने, दुर्गम बाधाओं को पार करने और हवा में बंधी रस्सियों यानी जिपलाइन (Zipline) के सहारे गहरी खाइयों या मैदानों को तेजी से लांघने की खतरनाक ट्रेनिंग दी जा रही है। जमीन से कई फीट ऊपर हवा में जिपलाइन का उपयोग करती आम महिलाओं की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। इसके अलावा उन्हें मोटरारइकिल चलाने, आपातकालीन चिकित्सा सहायता और संकट के समय रसद पहुंचाने की ट्रेनिंग भी दी जा रही है।
क्यों उठाया गया यह कदम? जंग की आशंकाओं के बीच 'जानफिदा' अभियान
विशेषज्ञों का मानना है कि यह सब ईरान के व्यापक 'जानफिदा' (Sacrifice for Iran) जन-लामबंदी अभियान का हिस्सा है। अमेरिकी और इजरायली हमलों के लगातार मंडराते खतरों और संभावित जमीनी घुसपैठ की आशंकाओं के बीच ईरानी हुकूमत ने नागरिकों को मोर्चे पर डटने के लिए तैयार करना शुरू कर दिया है। शिविरों में हिस्सा ले रही 45 वर्षीय राहेलेह घादिरी जैसी महिलाओं का कहना है कि युद्ध के हालात में अपने परिवार और पड़ोसियों की हिफाजत करना उनका सबसे बड़ा फर्ज है और यह ट्रेनिंग उनके मन से डर को पूरी तरह खत्म कर रही है। सरकार का यह मानना है कि देश की युवा पीढ़ी और महिलाओं को देशभक्ति और सैन्य अनुशासन में पारंगत करके किसी भी बाहरी आक्रमण का मुंहतोड़ जवाब दिया जा सकता है।
बदलता ईरान और भविष्य के रणनीतिक संकेत
ईरान की यह तस्वीर इस बात की गवाही देती है कि देश का सामाजिक और सामरिक ढांचा तेजी से बदल रहा है। पारंपरिक रूप से घरेलू दायित्वों तक सीमित रहने वाली महिलाओं को अग्रिम मोर्चे के लिए तैयार करना इस बात का साफ संकेत है कि तेहरान कूटनीतिक वार्ताओं के साथ-साथ किसी भी विकट सैन्य स्थिति के लिए जमीनी स्तर पर अपनी जनता को युद्ध के सांचे में ढाल चुका है। जिपलाइन की रस्सियों को थामी और हाथों में राइफल उठाए ईरानी महिलाओं का यह बदला हुआ रूप आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय राजनीति और कूटनीति के समीकरणों को किस दिशा में ले जाएगा, यह तो वक्त बताएगा, लेकिन इतना तय है कि ईरान ने आंतरिक सुरक्षा और जन-रक्षा के मामले में अपनी रणनीति का दायरा पूरी तरह बदल दिया है।