
पटना।। बिहार में एक बार फिर से आसमानी आफत ने तबाही मचाई है। जिसके चलते बेगूसराय और मधुबनी में 7 लोगों की जान गई है। जिसमे बेगूसराय में से 4 लोगों और मधुबनी में 3 लोगों की मौत हुई है। सरकार ने लोगों से सावधान रहने की अपील की है।
बेगूसराय में 4 लोगों की मौत
बिहार के बेगूसराय में देर रात मौसम बदलने से तेज बारिश हुई। इसी दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। भगवानपुर प्रखंड क्षेत्र की मोख्तियारपुर पंचायत के मानोपुर गांव स्थित वार्ड संख्या 01 निवासी 13 वर्षीय अंशु कुमारी पिता रामकुमार सदा की मौत हो गई।
बलिया थाना क्षेत्र के भगतपुर में आकाशीय बिजली गिरने से वृद्ध कामगार की मौत हो गई। उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक भगतपुर के 60 वर्षीय बिरल पासवान है। दोनों भूसा ढोने के लिए बहियार जा रहे थे।
मधुबनी में 3 लोगों की मौत
मधुबनी में बुधवार की सुबह आकाशीय बिजली गिरने से पिता-पुत्री समेत 3 की मौत हो गई। पहली घटना झंझारपुर के पिपरौलिया में हुई। ठनके की चपेट में आने से खेत की ओर गई एक महिला की मौत हो गई। वह रेवन महतो की पत्नी रेखा थी।
वहीं, अंधराठाढ़ी के रुद्रपुर के अलपुरा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से बाप-बेटी की मौत हो गई। 62 वर्षीय जाकिर 18 वर्षीया पुत्री आयशा को लेकर खेत में जमा गेहूं के बोझे को ढकने के लिए तिरपाल लेकर जा रहे थे। इसी दौरान हादसा हुआ। यहां बीती रात से ही बारिश हो रही है। इससे मधुबनी शहर की सड़कों पर पानी भर गया है। दरभंगा के भी कुछ इलाकों में बारिश हुई है। दरभंगा के जाले में मंगलवार की रात तेज हवा के कारण लोगों के कच्चे घरों के छप्पर उड़ गए।