
Prabhat Vaibhav,Digital Desk : लोजपा (रा) ने अधिक सीटों पर लड़ने की अपनी जिद पूरी करवा ही ली। न केवल उन्हें मन मुताबिक सीटें मिलीं, बल्कि उपहार स्वरूप उम्मीदवार भी भाजपा की ओर से दिए गए। ठीक वैसे ही जैसे 2020 में हुआ था, जब विकासशील इंसान पार्टी को भी भाजपा ने सीटों के साथ उम्मीदवार दिए थे।
हालांकि, विकासशील इंसान पार्टी का अनुभव कुछ खास अच्छा नहीं रहा। उसके चार विधायक, जो उसके सिंबल पर जीते थे, कुछ ही समय में भाजपा में शामिल हो गए।
बोचहा से लोजपा (रा) की उम्मीदवार बेबी कुमारी 2015 में निर्दलीय जीत दर्ज कर चुकी थीं। बाद में वह भाजपा में शामिल हो गईं। 2020 में उन्हें भाजपा ने उम्मीदवार नहीं बनाया, लेकिन पार्टी संगठन के काम में सक्रिय रहीं।
चेनारी से मुरारी गौतम ने कांग्रेस टिकट पर जीत हासिल की थी। कांग्रेस विधायक रहते उन्होंने फरवरी 2024 में सरकार द्वारा पेश विश्वासमत के प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया। चुनाव की अधिसूचना जारी होने से ठीक पहले वे भाजपा में शामिल हो गए और अब चेनारी से लोजपा (रा) के उम्मीदवार हैं।
बख्तियारपुर से भाजपा नेता अरुण कुमार को लोजपा (रा) का उम्मीदवार बनाया गया है। नवादा जिले के गोबिंदपुर विधानसभा क्षेत्र से लोजपा (रा) की उम्मीदवार विनिता मेहता, भाजपा नेता की पत्नी हैं। वहीं, फतुहा में भी लोजपा (रा) की उम्मीदवार रूपा कुमारी की अनुशंसा भाजपा की ओर से ही की गई है।