Prabhat Vaibhav,Digital Desk : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज शाम चंडीगढ़ पहुंचेंगे। वे रात को पंजाब लोकभवन (राजभवन) में विश्राम करेंगे और शनिवार को हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना होंगे। अमित शाह का चंडीगढ़ दौरा हमेशा अहम माना जाता है और इस बार भी शहर से जुड़े कई लंबित और महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक, गृह मंत्री यूटी प्रशासक व पंजाब के राज्यपाल के साथ अनौपचारिक बातचीत में चंडीगढ़ के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श कर सकते हैं। इनमें मेट्रो प्रोजेक्ट, ट्रिब्यून चौक के पास प्रस्तावित फ्लाईओवर, और लीज होल्ड से फ्री होल्ड जैसी योजनाएं प्रमुख हैं।
बीते चार-पांच वर्षों में चंडीगढ़ में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन स्वयं अमित शाह द्वारा किया गया है। इसके अलावा, यूटी में केंद्रीय सेवा नियम लागू करने की घोषणा भी करीब तीन साल पहले उन्हीं की ओर से की गई थी।
पंजाबी व्यंजनों से होगा स्वागत
अमित शाह के ठहराव को लेकर यूटी राजभवन और सिटको की ओर से विशेष तैयारियां की गई हैं। उनके लिए पारंपरिक पंजाबी भोजन की व्यवस्था की गई है, जिसमें मक्की की रोटी और सरसों का साग खास तौर पर परोसा जाएगा।
25 दिसंबर को पंचकूला में कार्यक्रम
आगामी 25 दिसंबर को अमित शाह पंचकूला के अटल पार्क में एक विशाल प्रतिमा का अनावरण करेंगे। बताया जा रहा है कि यह प्रतिमा करीब 50 फीट ऊंची होगी। इस कार्यक्रम को लेकर हरियाणा सरकार पिछले कई दिनों से तैयारियों में जुटी हुई है।
चंडीगढ़ नो-फ्लाइंग जोन घोषित
गृह मंत्री के दौरे को ध्यान में रखते हुए यूटी प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। उपायुक्त की ओर से आदेश जारी कर 19 और 20 दिसंबर को पूरे शहर को नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह रोक रहेगी।
2000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात
अमित शाह की सुरक्षा के लिए दो हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। यूटी एसएसपी स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रही हैं। सभी डीएसपी और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त के निर्देश दिए गए हैं। दौरे से पहले यूटी डीजीपी डॉ. सागरप्रीत हुड्डा ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सुरक्षा समीक्षा बैठक भी की।
ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा लागू
वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। गृह मंत्री के काफिले के चलते रात 9 से 10 बजे तक शहर के कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। जानकारी के अनुसार अमित शाह 20 दिसंबर की सुबह 10 से 11 बजे के बीच हिमाचल प्रदेश के लिए प्रस्थान करेंगे।




