Prabhat Vaibhav,Digital Desk : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) 2023 और 2024 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों से कहा कि उन्हें सफल, प्रभावी और सिटीजन सेंट्रिक पुलिस अधिकारी बनने के लिए हमेशा संवाद, संवेदनशीलता और सकारात्मकता अपनानी चाहिए।
सोमवार को 23 प्रशिक्षु अधिकारियों के साथ औपचारिक मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसा विशाल राज्य पुलिसिंग के लिए कई चुनौतियाँ लेकर आता है। इसलिए प्रशिक्षु अवधि को सीखने, समझने और अपने पुलिसिंग मॉडल को मजबूत करने का सुनहरा अवसर समझें।
उन्होंने प्रशिक्षुओं को यह भी सलाह दी कि जनपदों में प्रशिक्षण के दौरान वास्तविक समस्याओं के प्रभावी और संतोषजनक समाधान सीखना बेहद जरूरी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पुलिस हमेशा फर्स्ट रिस्पॉन्डर होती है। पीड़ित का भरोसा आपकी तत्परता, भाषा और प्राथमिकताओं पर निर्भर करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशिक्षु अवधि में थाने का चार्ज, प्रशासन, विवेचना, ड्यूटी मैनेजमेंट और स्थानीय विवादों की प्रकृति को बारीकी से समझना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि थाना पुलिसिंग की नींव है। साथ ही, ह्यूमन इंटेलिजेंस आज भी किसी पुलिस अधिकारी का सबसे बड़ा हथियार है। स्थानीय लोगों से संवाद, फील्ड में उपस्थिति और विश्वास ही पुलिस अधिकारी को मजबूत बनाते हैं।
उन्होंने प्रशिक्षुओं को यह भी समझाया कि थाना, सर्किल और पुलिस लाइन तीनों की कार्यप्रणाली, संसाधन और चुनौतियों को समझना बहुत जरूरी है। इन तीनों स्तरों का सामंजस्य किसी जिले की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करता है।
जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संवाद हमेशा गरिमापूर्ण और संयत होना चाहिए। कैजुअल अप्रोच पुलिस अधिकारियों के लिए उचित नहीं है। जनप्रतिनिधि जनता की आवाज होते हैं, और उनके साथ तालमेल कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाता है।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से महिलाओं के प्रति अपराध, साइबर क्राइम और अवैध ड्रग नेटवर्क के खिलाफ सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अपराध की प्रकृति तेजी से बदल रही है, इसलिए पुलिस अधिकारियों की प्रतिक्रिया और तैयारी भी आधुनिक और त्वरित होनी चाहिए। डिजिटल फॉरेंसिक, साइबर टूल्स और तकनीक का कुशल उपयोग सीखना आवश्यक है।
उन्होंने प्रशिक्षुओं से कहा कि पुलिस सेवा में सत्यनिष्ठा, अनुशासन और मानवीय दृष्टि सबसे बड़ी पूंजी हैं। आपका आचरण आने वाले वर्षों में न केवल कानून-व्यवस्था को मजबूत करेगा, बल्कि प्रदेश की सुरक्षा और जनता के विश्वास को भी बनाए रखेगा।



_790216679_100x75.jpg)
