img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार ऊधम सिंह नगर जिले में अगले पांच दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन ठंड और घने कोहरे का असर लगातार बना रहेगा। मौसम विभाग ने बताया है कि 3 जनवरी तक जिले के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड के साथ बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है। इसी को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

आईएमडी के अनुसार इस दौरान जिले का अधिकतम तापमान करीब 15 से 16.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सुबह के समय और देर रात को कोहरा ज्यादा घना होने की आशंका है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है। सड़कों पर दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी, वहीं रेल यातायात पर भी कोहरे का असर पड़ सकता है।

पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एएस नैन ने बताया कि लगातार ठंड और घना कोहरा कृषि कार्यों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि फसलों में तापमान संतुलन बनाए रखने के लिए हल्की सिंचाई करें। खास तौर पर आलू की फसल में इस मौसम के दौरान कीट और रोगों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए खेतों की नियमित निगरानी और समय पर नियंत्रण उपाय अपनाना जरूरी है।