Prabhat Vaibhav,Digital Desk : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। धर्मनगरी हरिद्वार में भारत माता मंदिर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए फडणवीस ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संसद जैसे गंभीर और गरिमामय मंच का इस्तेमाल निराधार आरोप लगाने और सेना को बदनाम करने के लिए कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि विपक्ष के कुछ नेता तथ्यों के आधार पर चर्चा करने के बजाय केवल आरोपों की राजनीति कर रहे हैं। इससे न सिर्फ देश की छवि को नुकसान पहुंचता है, बल्कि सुरक्षा बलों के सम्मान पर भी आंच आती है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि संसद में जिम्मेदार और तथ्यपरक संवाद की अपेक्षा होती है, न कि सुर्खियों के लिए की जाने वाली बयानबाज़ी।
“सेना और बलिदानियों का हो रहा अपमान”
राहुल गांधी का नाम लिए बिना फडणवीस ने कहा कि कुछ नेताओं की राजनीति का केंद्र केवल झूठे आरोप लगाना रह गया है। उन्होंने कहा, “ऐसा लगता है कि उनके पास बोलने के लिए कुछ नहीं बचा है। इसलिए वे सेना को बदनाम करने, बलिदानियों का अपमान करने और देश की छवि को धूमिल करने जैसी बातें करते हैं।”
फडणवीस ने यह भी कहा कि इस तरह के बयान न केवल दुर्भाग्यपूर्ण हैं, बल्कि देश की सुरक्षा और एकता के लिए भी घातक साबित हो सकते हैं। उन्होंने विपक्ष से आग्रह किया कि वह राष्ट्रीय हित से जुड़े मुद्दों पर जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ अपनी बात रखे।




