
Prabhat Vaibhav,Digital Desk : उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने मंगलवार सुबह 8:45 बजे बाबा केदारनाथ धाम का दौरा किया। उन्होंने भगवान केदारनाथ के दर्शन कर विशेष रुद्राभिषेक पूजा की और विश्व कल्याण, मानवता की समृद्धि एवं उत्तराखंड के सतत विकास की कामना की।
राज्यपाल के आगमन पर अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा और मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत ने वीआईपी हेलीपैड पर पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद राज्यपाल पैदल मार्ग से मंदिर प्रांगण पहुंचे और वहां भगवान केदारनाथ का अभिषेक और पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की खुशहाली और राज्य की उन्नति की प्रार्थना की।
तीर्थ पुरोहित समाज से मुलाकात
मंदिर परिसर में राज्यपाल ने तीर्थ पुरोहित समाज से भेंट की। पुरोहितों ने पारंपरिक मंत्रोच्चारण और पूजा-विधि के साथ उनका स्वागत किया। राज्यपाल ने इसे अत्यंत आध्यात्मिक अनुभव बताते हुए कहा कि “केदारघाटी का हर कण शिवमय है। यहां के पर्वतों में भगवान शिव की उपस्थिति का अनुभव होता है। इस पवित्र भूमि पर कदम रखते ही मन ध्यानमग्न हो जाता है।”
पूजा के बाद राज्यपाल ने श्रद्धालुओं का अभिवादन किया। ‘बोलो बाबा केदारनाथ की जय’ के जयघोष से पूरे मंदिर प्रांगण में भक्तिमय वातावरण बन गया।
पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण
राज्यपाल ने केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिशासी अभियंता डी.डी.एम. विनय झिंकवाण ने उन्हें निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। बताया गया कि अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुके हैं और शेष कार्य अंतिम चरण में हैं।
राज्यपाल ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में यात्रा प्रबंधन और पुनर्निर्माण में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने जिला प्रशासन, मंदिर समिति, पुलिस विभाग, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और सभी सहयोगी एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने में इन सभी का योगदान सराहनीय है।
तीर्थ पुरोहितों के लिए भवन निर्माण
राज्यपाल को यह भी बताया गया कि तीर्थ पुरोहितों के लिए बनाए जा रहे भवनों का निर्माण कार्य अधिकांश पूरा हो चुका है और भूमि एवं भवन आवंटन से जुड़े मुद्दे सुलझा लिए गए हैं। उन्होंने मंदिर समिति और जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों की विशेष सराहना की।
अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया
राज्यपाल ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों, सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों से भेंट कर उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन, पुलिस और सेवा दल सभी श्रद्धालुओं को सुविधा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सभी को प्रेरित किया कि वे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पूरी निष्ठा और सेवाभाव से कार्य करें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत, मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी विजय थपलियाल, उप जिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल शुक्ला, अध्यक्ष पं. राजकुमार तिवारी, महामंत्री राजेन्द्र तिवारी, मंत्री अंकित प्रसाद सेमवाल सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और तीर्थ पुरोहितगण उपस्थित थे।