img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : राजधानी लखनऊ में तेंदुए के दिखाई देने से लोगों के बीच डर और हड़कंप मच गया है। इस घटना ने प्रदेश की राजनीति का तापमान भी बढ़ा दिया है। समाजवादी पार्टी के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस बीच सरकार पर तंज कसा है।

उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर तेंदुए की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "अब तो राजधानी तक आ गए हैं… सरकार को पता चला क्या?"

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात कानपुर रोड स्थित एलडीए रुचि खंड कॉलोनी में तेंदुए की नजर आने की सूचना मिली। इससे इलाके में रहने वाले लोग घरों में दुबके रहे। कई परिवारों ने अपने बच्चों को भी स्कूल नहीं भेजा।

तेंदुए की सूचना शारदानगर वार्ड (प्रथम) के पार्षद हिमांशु आंबेडकर को दी गई। उन्होंने तुरंत वन विभाग को इसकी जानकारी दी। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन रात के अंधेरे और पगमार्क न दिखने के कारण ज्यादा कार्रवाई नहीं हो सकी।

रात करीब ग्यारह बजे, रुचि खंड से जुड़े मौर्या टोला में सड़क पर तेंदुए को देखा गया, जिसे सीसीटीवी में कैद किया गया। पार्षद ने बताया कि वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि यह वाकई तेंदुआ है। वन विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद थी।