Prabhat Vaibhav,Digital Desk : जन सुराज पार्टी ने सकरा विधानसभा सीट के लिए रेणू पासवान और पारू से रंजना सिंह को अपना सिंबल दिया है। दोनों ही प्रत्याशियों ने इस बात की पुष्टि कर दी है और बताया कि अब जल्द ही वे अपने नामांकन प्रक्रिया को पूरा करेंगी।
पार्टी ने अभी तक तीसरी सूची जारी नहीं की है, लेकिन गुरुवार को सभी सीटों के प्रत्याशियों की फाइनल लिस्ट आने की संभावना है।
सकरा विधानसभा को सुरक्षित सीट माना जाता है। टिकट की दौड़ में कई कार्यकर्ताओं का नाम चर्चा में था, लेकिन अंततः पार्टी ने रेणू पासवान पर अंतिम फैसला लिया। वे पिछले कई महीनों से सकरा में सक्रिय रही हैं और स्थानीय स्तर पर उनके काम की सराहना होती रही है।
रेणू पासवान बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व राजस्व मंत्री शिवनंदन पासवान की नतिनी हैं। उन्होंने 14 साल की उम्र में बाल विवाह को ठुकराकर अपनी शिक्षा जारी रखने का फैसला किया। इसके बाद उन्होंने इंफोसिस जैसी प्रतिष्ठित कंपनी में 15 साल तक मैनेजमेंट लीडर के रूप में काम किया।
रेणू ने बालिका शिक्षा, आत्मरक्षा, स्वच्छता, शौचालय निर्माण, मतदाता जागरूकता और घरेलू हिंसा के कानूनी अधिकारों पर कई कार्यशालाएं और अभियान चलाए हैं। उनका काम इतना प्रभावशाली रहा कि उन्होंने देश का प्रतिनिधित्व संयुक्त राष्ट्र के मंच पर भी किया। वर्ष 2021 में उन्हें वर्ल्ड इकॉनॉमिक फोरम द्वारा यंग ग्लोबल लीडर के रूप में चुना गया।
अब उनका फोकस सकरा विधानसभा सीट जीतकर स्थानीय और सामाजिक विकास के मुद्दों पर काम करने में रहेगा।




