img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने सोमवार को मुक्तसर में आयोजित 'पंजाब बचाओ रैली' के दौरान विरोधियों पर तीखा हमला बोला। भावुक और आक्रामक अंदाज में बादल ने दावा किया कि दिल्ली की पार्टियां पंजाब पर केवल राज करने आती हैं, जबकि राज्य की वास्तविक सेवा और तरक्की हमेशा अकाली दल के शासन में ही हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों से बादल परिवार और 105 साल पुराने अकाली दल के अस्तित्व को मिटाने के लिए बड़ी साजिशें रची जा रही हैं।

"झुकना हमने सीखा नहीं": प्रकाश सिंह बादल की विरासत का जिक्र

रैली को संबोधित करते हुए सुखबीर बादल ने अपने पिता और पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल को याद किया। उन्होंने कहा, "बादल साहब ने 70 वर्षों तक राजनीति की, गुरुद्वारों की सेवा की और हमेशा अन्याय के खिलाफ खड़े रहे, लेकिन वे कभी किसी के सामने नहीं झुके।" उन्होंने जनता को याद दिलाया कि पंजाब में बुनियादी ढांचा और विकास कार्य अकाली दल की ही देन हैं।

युवाओं के लिए 'विजन 2026': 75% आरक्षण और ब्याज मुक्त ऋण

आगामी चुनावों को देखते हुए सुखबीर बादल ने युवाओं को साधने के लिए बड़े वादों की झड़ी लगा दी:

नौकरियों में आरक्षण: निजी उद्योगों में 75 प्रतिशत नौकरियां पंजाब के युवाओं के लिए आरक्षित की जाएंगी।

ब्याज मुक्त कर्ज: अपना स्टार्टअप या कारोबार शुरू करने वाले युवाओं को 10 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा।

कौशल प्रशिक्षण: 'वर्ल्ड स्किल एजेंसी' के माध्यम से एक लाख युवाओं को ट्रेनिंग देकर रोजगार से जोड़ा जाएगा।

डेयरी सेक्टर: नए डेयरी फार्म स्थापित करने पर सरकार की ओर से 75 प्रतिशत अनुदान (Subsidy) देने का वादा किया गया।

किसानों के लिए 50 हजार प्रति एकड़ मुआवजे की मांग

हाल ही में हुई ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान पर बादल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को घेरा। उन्होंने मांग की कि प्रभावित किसानों को बिना किसी देरी के 50 हजार रुपये प्रति एकड़ का मुआवजा दिया जाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार ने पहले मुआवजा और बाद में गिरदावरी (सर्वे) का वादा किया था, जिसे अब भुला दिया गया है।

नशे के मुद्दे पर सरकार को घेरा

सुखबीर बादल ने राज्य में बढ़ते नशे के प्रचलन पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के संरक्षण में नशा तस्कर बेखौफ होकर अपना कारोबार चला रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार नशे की समस्या को रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुई है और पंजाब का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है।