
Prabhat Vaibhav,Digital Desk : तरनतारन उपचुनाव के नजदीक आते ही राजनीतिक माहौल गर्माता जा रहा है। इस बार की चर्चा का मुख्य केंद्र अलगाववादी सांसद अमृतपाल हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में सबको हैरान कर सांसद बने अमृतपाल का असर इस उपचुनाव में कैसा रहेगा, यह हर राजनीतिक पार्टी की चिंता का विषय बन गया है।
कपूरथला से कांग्रेस विधायक राणा गुरजीत सिंह का कहना है कि चुनाव में अमृतपाल का फैक्टर अहम हो सकता है। उन्होंने कहा, "अगर अमृतपाल के प्रत्याशी को पर्याप्त वोट मिलते हैं, तो राज्य और केंद्र सरकार को इसके परिणामों पर गंभीरता से सोचना पड़ेगा।"
राणा गुरजीत सिंह ने अपने सरकारी फ्लैट में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि यह समय है सिख समुदाय की चिंताओं को सामने लाने और उन पर ध्यान देने का। उन्होंने कहा कि तरनतारन उपचुनाव माझा क्षेत्र की राजनीतिक मानसिकता को भी स्पष्ट रूप से दिखाएगा।
बाढ़ और पानी की गंभीरता
बाढ़ के हालिया अनुभवों को लेकर उठे सवाल पर राणा ने कहा कि हमें बाढ़ से सबक लेने की जरूरत है। उन्होंने याद दिलाया कि 2019, 2023 और अब 2025 में बाढ़ आई है और मौसम में बदलाव के कारण आने वाले सालों में यह खतरा फिर बढ़ सकता है। इसीलिए तकनीकी कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर सुरक्षा इंतजाम करना जरूरी है।
राणा ने यह भी कहा कि वाटर रिचार्ज पर ध्यान देना आज बेहद जरूरी है। पंजाब के पास केवल 15 साल का पानी बचा है। अगर पानी के स्तर को बढ़ाने के लिए कदम न उठाए गए, तो भविष्य में गंभीर संकट हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में बुलाए गए विधानसभा के विशेष सत्र में इस मुद्दे पर चर्चा नहीं हुई, जो चिंता की बात है।
जल स्रोत मंत्री बरिंदर कुमार गोयल के बयान पर राणा ने कहा कि 74% पानी का उपयोग करना और 26% व्यर्थ छोड़ना बेहद खतरनाक है। मंत्री को चाहिए कि पानी के 100% उपयोग के लिए उपाय करें।
कृषि और MSP पर राणा की योजना
राणा गुरजीत सिंह ने मक्की की खरीद के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर जोर दिया। उनका कहना है कि मक्की अब तैयार है और शुगर मक्की का हर दाना MSP पर खरीदा जाएगा।
राज्य सभा सदस्य नामांकन पर मतभेद
आम आदमी पार्टी द्वारा ट्राइडेंट ग्रुप के चेयरमैन राजिंदर गुप्ता को राज्य सभा के लिए नामित किए जाने पर कांग्रेस में मतभेद उभरे हैं। हालांकि राणा गुरजीत सिंह ने इसे सकारात्मक कदम माना और राजिंदर गुप्ता को सफल उद्योगपति और जमीन से जुड़े व्यक्ति बताते हुए उनका स्वागत किया।