img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk :  उत्तराखंड में वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पहले ऊर्जा निगम (UPCL) पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। नियम और वसूली के आगे रसूख और पद भी फीके पड़ते दिख रहे हैं। ताजा मामला अल्मोड़ा जिले का है, जहां ऊर्जा निगम ने प्रदेश की कद्दावर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के भाई और ताकुला ब्लॉक प्रमुख मीनाक्षी आर्या के पति, दीपक आर्या के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद बिजली बिल का भुगतान न करने पर विभाग ने उनके गोदाम का कनेक्शन काट दिया है।

94 हजार रुपये का बिल पड़ा भारी, रसूख भी नहीं आया काम

जानकारी के अनुसार, दीपक आर्या के गोदाम पर लंबे समय से बिजली का बिल बकाया चल रहा था। ऊर्जा निगम के रिकॉर्ड के मुताबिक, कुल 94,610 रुपये की राशि बकाया थी। विभाग ने इस संबंध में कई बार नोटिस जारी कर बिल जमा करने का अनुरोध किया था, लेकिन जब निर्धारित समय सीमा के भीतर भुगतान नहीं हुआ, तो निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर बिजली काट दी। ईई कन्हैया जी मिश्रा ने स्पष्ट किया कि विभाग बकायेदारों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रहा है और यह कार्रवाई उसी का हिस्सा है।

मार्च क्लोजिंग पर UPCL सख्त; रसूखदारों की सूची तैयार

31 मार्च के करीब आते ही उत्तराखंड ऊर्जा निगम ने राजस्व वसूली के लिए कमर कस ली है। विभाग का मुख्य फोकस उन बकायेदारों पर है, जिन्होंने लाखों रुपये का बिल दबा कर रखा है। अधिकारियों का कहना है कि अब किसी भी प्रकार का राजनीतिक दबाव काम नहीं आएगा। विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जब तक पूरी बकाया राशि और पेनाल्टी जमा नहीं की जाती, तब तक किसी भी सूरत में कनेक्शन दोबारा नहीं जोड़ा जाएगा। दीपक आर्या के मामले में भी यही नियम लागू किया गया है।

आम हो या खास, सबके लिए एक नियम: ऊर्जा निगम

इस कार्रवाई ने जिले के अन्य बड़े बकायेदारों के बीच हड़कंप मचा दिया है। लोगों में चर्चा है कि जब कैबिनेट मंत्री के परिजनों पर कार्रवाई हो सकती है, तो आम जनता और अन्य व्यापारियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। यूपीसीएल के अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी अप्रिय स्थिति या कनेक्शन कटने की परेशानी से बचने के लिए तुरंत अपने बिलों का भुगतान करें। आने वाले दिनों में जिले के कई अन्य रसूखदारों के कनेक्शन भी गाज गिर सकती है।