
Prabhat Vaibhav,Digital Desk : उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार लगातार प्रशासनिक स्तर पर बदलाव कर रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को गृह विभाग ने तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले की सूची जारी की। इस लिस्ट में गोरखपुर जोन जैसे महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति और स्थानांतरण शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड में तैनात एडीजी मुथा अशोक जैन को अब गोरखपुर जोन का नया एडीजी बनाया गया है। गोरखपुर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कर्मभूमि माना जाता है, ऐसे में इस पद की अहमियत और भी बढ़ जाती है।
वहीं, वर्तमान में गोरखपुर जोन में एडीजी पद पर कार्यरत डॉ. केएस प्रताप कुमार को पुलिस महानिदेशक एवं उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम का अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक (CMD) बनाया गया है। यह नई जिम्मेदारी उन्हें उनके डीजी पद पर प्रमोशन के बाद दी गई है।
इसके अलावा, अभी तक उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम के डीजी एवं CMD पद पर कार्यरत पीसी मीणा को अब पुलिस महानिदेशक, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं के पद पर ट्रांसफर किया गया है।
इन तबादलों से स्पष्ट है कि योगी सरकार कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने और प्रशासनिक जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से बांटने के लिए सख्ती से काम कर रही है।