
Prabhat Vaibhav,Digital Desk : बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए में सीट बंटवारे पर सहमति बनने के बाद महागठबंधन में सरगर्मियाँ तेज़ हो गई हैं। सीट बंटवारे का आधिकारिक फॉर्मूला अभी घोषित नहीं हुआ है, लेकिन गठबंधन के संभावित उम्मीदवारों के नाम धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं। इन नामों में सबसे ज़्यादा चर्चा दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की चचेरी बहन दिव्या गौतम के नाम की है। भाकपा (माले) ने दिव्या गौतम को पटना की दीघा विधानसभा सीट से मैदान में उतारा है। दिव्या दिवंगत फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की चचेरी बहन हैं।
एनडीए में यह सीट भाजपा के पास है। गौरतलब है कि एनडीए में यह सीट भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पास थी। अब महागठबंधन में यह सीट भाकपा (माले) के पास है।
दिव्या गौतम कौन हैं?
दिव्या गौतम, अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की चचेरी बहन हैं और उनका राजनीतिक और शैक्षणिक जीवन सफल रहा है। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय के पटना कॉलेज से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया है। वह कॉलेज के दिनों से ही छात्र राजनीति में सक्रिय रही हैं और 2012 में उन्होंने आइसा की ओर से पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ (PUSU) अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा था और दूसरे स्थान पर रही थीं।
इसके अलावा, दिव्या गौतम ने अपने पहले ही प्रयास में 64वीं बीपीएससी परीक्षा पास कर ली और सप्लाई इंस्पेक्टर के पद पर चयनित हुईं, लेकिन उन्होंने सरकारी नौकरी ज्वाइन नहीं की। वर्तमान में, वह यूजीसी-नेट उत्तीर्ण हैं और पीएचडी कर रही हैं।
2020 में दीघा सीट का राजनीतिक समीकरण क्या था?
पिछले विधानसभा चुनाव (2020) में दीघा सीट पर भाजपा के संजीव चौरसिया ने जीत हासिल की थी। उन्हें 97,044 वोट मिले थे, जबकि भाकपा (माले) की शशि यादव 50,971 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रही थीं। बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होंगे और मतगणना 14 नवंबर को होगी।