Prabhat Vaibhav, Digital Desk : बिहार के सियासी गलियारों से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज (मंगलवार) अपने पद से इस्तीफा देंगे। राज्य में सत्ता परिवर्तन और नेतृत्व बदलाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मिली जानकारी के अनुसार, नीतीश कुमार सुबह 11 बजे अपनी सरकार की आखिरी कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे और उसके बाद राजभवन जाकर अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इस खबर ने बिहार से लेकर दिल्ली तक की राजनीति में हलचल तेज कर दी है।
कल सुबह 11 बजे लोक भवन में होगा शपथ ग्रहण समारोह
बिहार में नई एनडीए सरकार का गठन बुधवार सुबह 11 बजे लोक भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में होगा। इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के दिग्गज नेताओं के शामिल होने की पूरी संभावना है। पीएम के दौरे को देखते हुए पटना एयरपोर्ट से लेकर राजभवन तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और पूरे रास्ते में बैरिकेडिंग कर दी गई है।
कौन होगा बिहार का नया मुख्यमंत्री? शाम 4 बजे होगी एनडीए की बैठक
नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि बिहार की कमान अब किसके हाथ में होगी। आज दोपहर भाजपा विधायकों की एक महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें विधायक दल के नेता का चयन किया जाएगा। भाजपा द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सुबह 11 बजे ही पटना पहुंच रहे हैं। इसके बाद शाम 4 बजे मुख्यमंत्री आवास पर भाजपा, जदयू, एलजेपी (आर) और हम (HAM) समेत एनडीए के सभी घटक दलों की संयुक्त बैठक होगी, जिसमें नए नेता के नाम पर मुहर लगेगी।
निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री बनाने की चर्चा हुई तेज
बिहार की नई सरकार में एक सबसे चौंकाने वाला नाम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का सामने आ रहा है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि जदयू कोटे से निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री पद के लिए प्रस्तावित किया गया है। हालांकि, यह पूरी तरह निशांत की निजी सहमति पर निर्भर करेगा। सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर हुई कोर टीम की बैठक में सरकार की नई संरचना और पार्टी की भागीदारी पर विस्तार से चर्चा की गई है।
राजभवन में तैयारियां जोरों पर, राज्यपाल से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल
इस्तीफा सौंपने और नए नेता के चुनाव के बाद, एनडीए का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन से मुलाकात करेगा और नई सरकार बनाने का दावा पेश करेगा। राजभवन के सचिव गोपाल मीना ने शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर पटना के डीएम और एसएसपी के साथ उच्च स्तरीय बैठक की है। प्रशासन ने पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है ताकि प्रधानमंत्री और अन्य वीवीआईपी मेहमानों के आगमन में कोई बाधा न आए।




