चीन को आर्मी प्रमुख ने दिया दो टूक जवाब, कहा- हमारे धैर्य की॰॰॰
गलवान घाटी के बहादुरों का बलिदान बेकार नहीं जायेगा
नई दिल्ली॥ थलसेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने सेना दिवस पर कहा कि हमारे सैनिक हमारी ताकत हैं। बीता साल इंडियन आर्मी के लिए चुनौतियों से भरा था। इसी दौरान चीन ने एकतरफा रूप से एलएसी की यथास्थिति बदलने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि मैं आप सभी को विश्वास दिलाता हूं कि गलवान घाटी के बहादुरों का बलिदान बेकार नहीं जायेगा। कोई भी हमारे धैर्य की परीक्षा नहीं ले सकता। बीते वर्ष उत्तरी सीमाओं पर एक बड़ी चुनौती थी लेकिन चीन के रुख का दृढ़ता से जवाब दिया गया था।
सेना प्रमुख शुक्रवार को राजधानी दिल्ली में कैंट स्थित करियप्पा ग्राउंड में सेना दिवस परेड को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आप सभी उत्तरी सीमाओं पर चीन के साथ चल रहे तनाव से अवगत हैं। सीमाओं पर एकतरफा स्थिति बदलने की साजिश के बारे में एक जोरदार जवाब दिया गया था। मैं देश को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हिंदुस्तान चर्चाओं के माध्यम से विवादों को हल करने के लिए प्रतिबद्ध है लेकिन गलवान के बहादुरों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि लगभग 300-400 आतंकवादी भारतीय सीमा में घुसपैठ करने के लिए सीमा के पास प्रशिक्षण शिविरों में बैठे हैं। पिछले वर्ष संघर्ष विराम उल्लंघन की संख्या में 44 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो पाकिस्तान के नापाक इरादों को दर्शाता है।
इसके बाद विभिन्न रेजिमेंट परेड में शामिल हुईं जिनमें जाट रेजिमेंट, गढ़वाल रेजिमेंट, महार रेजिमेंट, जम्मू-कश्मीर रेजिमेंट आदि प्रमुख रहीं। परेड की सलामी सेना प्रमुख ने ली। इसके बाद विभिन्न रक्षा उपकरणों का भी प्रदर्शन किया गया। डेयर डेविल्स की टीम ने मोटर साइकिल पर पिरामिड जैसी विभिन्न कलाबाजी का भी हैरतअंगेज प्रदर्शन किया। सेना दिवस की परेड में पहली बार विभिन्न तरीके के मानव रहित विदेशी और स्वदेशी ड्रोन से लक्ष्यों पर हमले का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर इंडियन आर्मी में ड्रोन की नई यूनिट 75 के प्रारंभिक परिचालन की घोषणा की गई। करियप्पा परेड मैदान में स्वदेशी ड्रोन के आक्रामक और नज़दीकी प्रदर्शन के साथ इंडियन आर्मी ने आज खुद को युद्ध के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित किया।
इंडियन आर्मी के इन सशस्त्र ड्रोनों के झुंड ने स्वदेशी षट्कोणीय और चतुष्कोणीय मुकाबला दिखाया। यह ड्रोन दुश्मन के इलाके में 50 किमी अंदर घुस सकते हैं और स्वतंत्र सैन्य कार्यों को अंजाम देकर लक्ष्यों को नष्ट कर सकते हैं। प्रत्येक ड्रोन इंडियन आर्मी को अपनी ताकत से मिशनों को अंजाम देने के लिए स्वायत्त और स्वतंत्र है। परेड स्थल पर टैंगो एक से लेकर टैंगो 12 तक लक्ष्य रखे गए थे जिन्हें ड्रोन ने ऑपरेशन के दौरान सटीक निशाना बनाकर अपने-अपने लक्ष्यों को नष्ट किया। इसके अलावा ड्रोन के जरिये दूर के क्षेत्रों में रसद, चिकित्सा आपूर्ति और लैंडिंग का भी प्रदर्शन किया गया। इन ड्रोंस के जरिये सेना ने अपनी बढ़ती लड़ाकू तकनीकी क्षमता को दिखाया।