img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि निर्माण कार्यों और योजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभागीय कार्य तय समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मंगलवार को उदयगंज स्थित सिंचाई विभाग मुख्यालय में आयोजित शारदा संगठन की समीक्षा बैठक में मंत्री ने विभिन्न निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कार्य शुरू होने से पहले और कार्य पूर्ण होने के बाद की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। जलशक्ति मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता सिंचाई परियोजनाओं को समय पर पूरा कर किसानों को अधिकतम लाभ पहुंचाना है।

स्वतंत्र देव सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि जल्द ही वह स्वयं निर्माण कार्यों का भौतिक निरीक्षण करेंगे, ताकि जमीनी स्तर पर काम की वास्तविक स्थिति का सही आकलन किया जा सके। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी या शिकायत सामने नहीं आनी चाहिए। पूरी कार्यप्रणाली पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए।

मंत्री ने यह भी कहा कि जहां लापरवाही पर कार्रवाई होगी, वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा, ताकि विभाग में सकारात्मक कार्य संस्कृति को बढ़ावा मिल सके। बैठक में प्रमुख सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग अनिल गर्ग, प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष संदीप कुमार, प्रमुख अभियंता परिकल्प एवं नियोजन अशोक कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।