Prabhat Vaibhav,Digital Desk : गया जंक्शन पर चल रहे पुनर्विकास कार्य के चलते रेलवे ने 45 दिनों का ब्लॉक लिया है, जिसके कारण कई प्रमुख ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी बदलाव किया गया है। इस फैसले का सीधा असर पटना और गया के बीच नियमित यात्रा करने वाले यात्रियों, खासकर छात्रों और व्यवसायियों, पर पड़ रहा है।
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, गाड़ी संख्या 18623 इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस को 5 फरवरी से 21 मार्च तक गया जंक्शन के बजाय बख्तियारपुर लिंक केबिन–करनौती–राजगीर–तिलैया–पैमार–बंघुआ मार्ग से संचालित किया जा रहा है।
वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 18624 हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस भी इसी अवधि में बंघुआ–पैमार–तिलैया–राजगीर–करनौती–बख्तियारपुर लिंक केबिन मार्ग से चलेगी।
गंगा दामोदर एक्सप्रेस का भी बदला रास्ता
इसी तरह गाड़ी संख्या 13330 पटना-धनबाद गंगा दामोदर एक्सप्रेस का रूट भी बदला गया है। यह ट्रेन 4 फरवरी से 21 मार्च तक फतुहा–इस्लामपुर–नटेसर–तिलैया–पैमार–बंघुआ मार्ग से परिचालित की जा रही है।
यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह व्यवस्था पूरी तरह अस्थायी है, लेकिन इसका असर दिन के समय गया-पटना के बीच सफर करने वाले यात्रियों पर साफ दिख रहा है। रोजाना पढ़ाई और व्यापार के सिलसिले में यात्रा करने वाले लोगों का कहना है कि रूट बदलने से यात्रा का समय बढ़ गया है, जिससे उन्हें वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
रेलवे की अपील
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेनों की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। पुनर्विकास कार्य पूरा होने के बाद रेल परिचालन को पूर्ववत कर दिया जाएगा।




